पिता ने सिगरेट पीने पर लगाई बेटे को फटकार

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक युवक ने सिगरेट पीने पर डांट खाने की वजह से आत्महत्या कर ली। युवक की पहचान डालचंद के रूप में हुई है। वह एक फैक्ट्री में काम करता था। वहीं, सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।जानकारी के मुताबिक, मामला खंदौली क्षेत्र के गांव नगला का है। कहा जा रहा है कि अर्जुन निवासी 22 वर्षीय डालचंद के तीन भाई हैं। डालचंद शाम को घर में छिपकर सिगरेट पी रहा था। पिता ने उसे सिगरेट पीते हुए देख लिया। पिता ने गुस्से में आकर उसकी डांट लगा दी। साथ ही सिगरेट पीने को लेकर भला-बुरा बोल दिया। इसके बाद गुस्सा होकर डालचंद घर से निकल गया। देर रात तक उसकी खोजबीन जारी रही। सुबह गांव के बाहर पेड़ से उसका शव लटका मिला। एसओ खंदौली अरविंद निर्वाल ने बताया कि युवक का शव पेड़ से लटका मिला था। उनकी माने तो प्रथमदृष्टया मामला खुदकुशी का लग रहा है। वहीं, घर वाले भी इसे आत्महत्या ही मान रहे हैं। उनका कहना है कि पिता ने सिगरेट पीने पर डालचंद की डांट लगाई थी। यही वजह है कि उसने आत्महत्या कर ली।
