पिता बनने की चाह में डेढ़ साल के बच्चे का किया अपहरण

नोएडा | नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो प्लाजा से बृहस्पतिवार दोपहर सफेद रंग की कार में डेढ़ वर्षीय बच्चे को अगवा करने की सूचना से अफरातफरी मच गई। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए सीसीटीवी की मदद से महज तीन घंटे में बच्चे को दादरी से सकुशल बरामद कर लिया। पिता बनने की चाहत में एक ठेकेदार ने बच्चे का अपहरण किया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। नॉलेज पार्क मेट्रो स्टेशन के पास निर्माणाधीन एक्सपो प्लाजा में राजकुमार मजदूरी करता है। उसका डेढ़ वर्षीय बेटा जिगर बृहस्पतिवार दोपहर साइट पर खेल रहा था। इस बीच अचानक एक सफेद रंग की ब्रेजा कार आई। कार में से एक व्यक्ति निकला और बच्चे को अगवा कर फरार हो गया। परिजनों ने तुरंत मामले की सूचना डायल-112 पर दी।
