पीएमसीएच के जूनियर डॉक्टर की हड़ताल से ठप हुई इमरजेंसी और ओपीडी सेवाएं

पटना । पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल के जूनियर डॉक्टरों के कार्य बहिष्कार करने से इमरजेंसी और ओपीडी सेवा ठप हो चुकी है। दरअसल,डॉक्टरों की मांग है कि पीएमसीएच परिसर को दलालों से मुक्त किया जाए और डॉक्टरों को सुरक्षा देने के साथ दवा आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। बता दें कि पीएमसीएच में करीब 600 डॉक्टर हैं और उनके एक साथ हड़ताल पर जाने से स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है।
शुक्रवार को इस मसले को लेकर प्राचार्य और अधीक्षक ने बैठक की थी और अस्पताल के ऑर्थो एचओडी के खिलाफ तीन सदस्यी जांच टीम भी गठित कर दी गई थी। मामले को बेहद गंभीर बताते हुए पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ राजीव रंजन प्रसाद ने कहा था कि रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। गौरतलब है कि ऑर्थो विभाग के एचओडी पर दलालों को संरक्षण देने का आरोप लगा है। जबकि एचओडी ने भी जूनियर डॉक्टरों पर धमकी देने का आरोप लगाया है। बहरहाल अधीक्षक ने जूनियर डॉक्टरों के कार्य बहिष्कार को देखते हुए अतिरिक्त डॉक्टरों की व्यवस्था करने का दावा किया था। इसके लिए सिविल सर्जन और स्वास्थ्य विभाग से अतिरिक्त डॉक्टरों की मांग की गई थी, बावजूद इसके शनिवार सुबह से ही ओपीडी सेवा ठप है और इमरजेंसी से मरीज प्राइवेट अस्पतालों में जाने को मजबूर हैं।
