पुडुचेरी में बनेगा देश का पहला अंडर वाटर म्यूजियम 

चेन्नई । भारत में अब तक पानी के अंदर कोई म्यूजियम नहीं था, लेकिन जल्दी ही एक ऐसा खूबसूरत म्यूजियम पुडुचेरी में बनाया जाने वाला है, जो पूरी तरह से पानी के अंदर होगा। उल्लेखनीय है कि आईएनएस कुड्डालोर (माइनस्वीपर) को बीते मार्च में भारतीय नौसेना ने सेवा से हटा दिया था। अब कुड्डालोर को पुडुचेरी के तट से 7 किमी दूर समुद्र में 26 मीटर नीचे म्यूजियम के तौर पर विकसित किया जाएगा। 60 मीटर लंबे और 12 मीटर चौड़े इस जहाज का इस्तेमाल नौसेना पानी में बम खोजने के लिए करती थी। अब इसका इस्तेमाल पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किया जाएगा। आईएनएस कुड्डालोर के म्यूजियम बन जाने के बाद यह स्कूबा डाइविंग और स्नॉर्कलिंग के लिए एक बेहद खास डेस्टिनेशन बन जाएगा। यह परियोजना एनजीओ पाडिकान तथा चेन्नई की दो राष्ट्रीय प्रयोगशालाओं – नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ ओशियन टेक्नॉलजी और नेशनल सेंटर फॉर कोस्टल रिसर्च के अलावा पुडुचेरी सरकार के संयुक्त प्रयास से शुरू की जा रही है। फिलहाल इस परियोजना को राष्ट्रीय तटीय क्षेत्र प्रबंधन प्राधिकरण और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मंजूरी का इंतजार है। उम्मीद की जा रही है कि जहाज को म्यूजियम में तब्दील किए जाने के बाद पर्यटकों की संख्या में बढ़ोत्तरी होगी। 

Leave a Reply