पुरानी रंजिश को लेकर हमलावरों ने युवक पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, गंभीर रूप से घायल

अलवर. राजस्थान के अलवर (Alwar) जिले में अज्ञात हमलावरों (attackers) ने पुरानी रंजिश को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग (firing) कर दी. फायरिंग के दौरान एक युवक को दो गोलियां लगी, जिसमें युवक बुरी तरह से घायल (Injured) हो गया. स्थानीय लोगों ने युवक को गंभीर अवस्था मे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे जयपुर (jaipur) रेफर कर दिया गया है. फिलहाल ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है.
छाती और गले में गली गोलियां
घटना जिले के बहरोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम कोहराणा के पास की है. जानकारी के अनुसार सोमवार रात गांव के युवक को अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर गंभीर घायल कर दिया. घायल अनिल के छाती और गले में दो गोलियां लगी हैं. युवक की हालत गंभीर होने पर बहरोड के डॉक्टरों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया. ग्रामीणों के मुताबिक गांव और हरियाणा सीमा के पास शराब ठेके के पास अनिल गंभीर अवस्था में घायल पड़ा हुआ था, जिसको देखकर ग्रामीणों ने घायल को बहरोड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रेफर कर दिया गया है. डॉक्टरों के मुताबिक युवक अनिल कुमार के दो गोली मारी गई है, जिससे उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने गुगाडिया गांव के छोटिया नाम के व्यक्ति पर फायरिंग का आरोप लगाया है, जो दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहा है. परिजनों का कहना है कि छोटिया को पुलिस अभी तक पकड़ नही पाई है. परिजनों का यह भी कहना है कि दोनों के बीच आपसी पुरानी रंजिश को लेकर झगड़ा होने पर छोटिया ने गोली मार दी थी. वहीं बहरोड पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.
