पूर्णिया : पश्चिम बंगाल से बरामद हुई कारोबारी की अगवा हुई बेटी

पूर्णिया :  बिहार के पूर्णिया जिले के गुलाबाग से सोमवार को दिनदहाड़े किडनैप की गई सात साल की मासूम बच्ची को किशनगंज पुलिस ने पश्चिम बंगाल के हटवार से बरामद कर लिया है. कारोबारी की बेटी नव्या का उस समय अपहरण किया गया, जब वो स्कूल बस से उतरकर अपने घर जा रही थी. किशनगंज पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाशी शुरू की थी. 


पुलिस ने बच्ची की बरामदगी के लिए जगह-जगह नाकेबंदी कर रखी थी. इसी नाकेबंदी और पुलिस की सक्रियता से घबराए बदमाश बच्ची को हटवार चौक पर छोड़कर फरार हो गए.


किशनगंज से सटे बंगाल और बिहार बॉर्डर हटवार के निकट पुर्णिया से अपह्रत व्यवसायी सुरेंद्र विनाकिया की सात वर्षीय बेटी पश्चिम बंगाल से सकुशल बरामद कर लिया गया है. बच्ची की सकुशल बरामदगी के बाद परिवार में खुशी का माहौल है. वहीं, पुलिस वाले भी राहत की सांस ले रहे हैं.


चाय दुकानदार अनिल शहनी ने बताया कि एक छोटी बच्ची रोते हुए उनके दुकान के पास पहुंची और उसने अपना पता पूर्णिया के सनौली बताया. फिर चाय दुकानदार ने बच्ची से उसके परिजनों का नंबर लेकर फोन किया और परिजन फौरन ही पूर्णिया एसपी विशाल कुमार के साथ हटवार पहुंचे और मौके से बच्ची को बरामद कर अपने साथ पूर्णिया ले गए.


बच्ची की बरामदगी पर खुशी जाहिर करते हुए पूर्णिया के पूर्व सांसद और बीजेपी नेता उदय सिंह ने फेसबुक पर लिखा, 'बेटी नव्या उर्फ गोलू की सकुशल बरामदगी से मैं अतिशय भावुक और प्रसन्न हूं. मैं भलिभांति गोलू बेटी के मामा और पापा की मनोभावों को महसूस कर सकता हूं. पूर्णिया पुलिस प्रशासन और पुलिस कप्तान विशाल शर्मा को बहुत-बहुत बधाई.'


सोमवार को व्यापारी सुरेंद्र की बेटी को कार सवार अपराधियों ने अगवा कर लिया था. इस घटना के सामने आते ही पूरे व्यापारी संघ में गुस्सा था. व्यापारियों ने घटना के विरोध में बाजार बंद करा दिया. बताया जाता है कि बच्ची किडजी स्कूल में पढ़ती है.


दरअसल बच्ची स्कूल से पढ़कर वापस घर लौट रही थी. इसी दौरान कुछ कार सवार अपराधियों ने रास्ते में ही बच्ची का अपहरण कर लिया. कुछ लोगों का कहना है कि बच्ची स्कूल बस से उतरी थी. बस से उतरते ही अपराधियों ने बच्ची को जबरन कार में बिठाया और उसे अपने साथ ले गए. अपराधी स्कूल से ही बस को फॉलो कर रहे थे.


Leave a Reply