पूर्व मंत्री और उनके किराएदार के घर से लाखों रुपए की चोरी

पटना. राजधानी में चोरों का उत्पात जारी है। ईद में शहर से बाहर गए लोगों के घरों को इस बार चोरों ने निशाना बनाया है। इस बार चोरों ने पूर्व मंत्री दिवंगत शकील अहमद खां के घर को निशाना बनाया है। बुधवार की रात अनीसाबाद के अलीनगर स्थित पूर्व मंत्री के घर में चोरों ने रात के बारह बजे से चार बजे के बीच घटना को अंजाम दिया। गुरुवार को पुलिस को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, हड़कंप मच गया।

 

सचिवालय डीएसपी राजेश कुमार मौके पर छानबीन के लिए पहुंचे। पूर्व मंत्री के घर के ग्राउंड फ्लोर पर मुमताज नाम के व्यक्ति किराए पर रहते हैं और पहले तल्ले पर पूर्व मंत्री की पत्नी और उनकी बेटी फौजिया शकील रहती हैं। फौजिया शकील हाईकोर्ट में वकील हैं। थानेदार ने बताया कि फौजिया के लिखित बयान पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने डेढ़ लाख कैश, ज्वेलरी और अन्य कीमती सामान के चोरी होने की जानकारी दी है। 

चार घंटे तक किया उत्पात, पूरा घर खंगाला : चोरों ने करीब चार घंटे तक घर में उत्पात मचाया और पूरे इत्मीनान से दोनों फ्लोर पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। घर के एक-एक कमरे का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर रखा सारा सामान तितर-बितर था। आलमीरा का लॉकर तोड़कर चोर उसमें रखे सभी कीमती सामान चुराकर साथ ले गए। पुलिस घटनास्थल के पास का सीसीटीवी फुटेज जब्त की है। जांच जरी है।

जिस पर था निगरानी का जिम्मा, वही हो गया था फरार
बताया गया कि फौजिया मां के साथ अपने रिश्तेदार के यहां दिल्ली गई हुई थी। वहीं उनका किराएदार मुमताज भी एक जून को बेंगलुरु चला गया था। बेंगलुरु जाने से पहले मुमताज ने अपने ड्राइवर राजेश्वरी सिंह को घर की निगरानी का जिम्मा दिया था। बुधवार की रात उनका ड्राइवर भी घर छोड़कर कहीं दूसरी जगह चला गया था।

गुरुवार को जब लोगों ने घर का ताला टूटा हुआ देखा, तब घटना की जानकारी हुई। ड्राइवर ने पुलिस से कहा कि वह 11 बजे आकर देखा था, सब ठीक था। लेकिन सीसीटीवी फुटेज में ड्राइवर नौ बजे के बाद नहीं दिखा। पुलिस ड्राइवर से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल के पास का सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।

Leave a Reply