पेट्रोल की जगह गाड़ियों में भरा जा रहा पानी, पता चलते ही फ्यूल स्टेशन छोड़ भागे कर्मी

रोहतास । रोहतास जिला के डेहरी के थाना चौक स्थित एचपी के पेट्रोल पंप 'मेसर्स दामोदर प्रसाद आवारगी' पेट्रोल पंप पर पेट्रोल की जगह गाड़ियों में भरा जा रहा था। दरसअल, डिहरी के मकराइन के राहुल यादव जब अपनी बाइक में पेट्रोल लेकर जब आगे बढ़े, तो उनकी गाड़ी बंद हो गई। जब उन्होंने मैकेनिक को दिखाया तो पता चला कि उनकी बाइक की टंकी में पेट्रोल की जगह पानी भरा हुआ है। राहुल भागते हुए जब दोबारा पेट्रोल पंप पर पहुंचे और कर्मियों को बताया तो वह मानने को तैयार नहीं हुए। तभी दूसरे ग्राहकों ने भी शिकायत करनी शुरू कर दी, जिसके बाद देखते ही देखते पेट्रोल पंप पर भीड़ लग गई और ऐसी कई शिकायतें सामने आने लगीं। जब लोगों ने नोजल से पेट्रोल चेक किया, तो उसमें से पेट्रोल की बजाए पानी निकला। इस घटना के बाद पेट्रोल पंप के प्रबंधक तथा अन्य पंप छोड़कर फरार हो गए, जबकि वहां मौजूद नोजल मैन परेशान दिखे। ग्राहकों ने बताया कि आए दिन इस तरह की शिकायतें मिलती थीं, लेकिन अब तो अनर्थ हो गया। जब पेट्रोल की जगह पूरा का पूरा पानी गाड़ियों की टंकी में डाल कर बेचा जा रहा था। इस संबंध में फिलहाल कोई अधिकारी से संपर्क नहीं हो सका है।
