पेयजल योजनाओं के बेहतरीन प्रबंधन पर फोकस हो-जोशी

जयपुर । जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) द्वारा प्रदेश में आगामी गर्मियों में समुचित पेयजल प्रबंधन की दृष्टि से पानी की सम्भावित अतिरिक्त मांग के मद्देनजर में जिला कलक्टर्स को कंटीजेंसी प्लान के तहत आकस्मिक कार्यों के लिए 50-50 लाख रुपये की स्वीकृति जारी की गई है। जलदाय मंत्री डॉ. महेश जोशी की मंजूरी के बाद विभाग की ओर से इस सम्बंध में आदेश जारी कर दिया गया है। 
डॉ. जोशी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रदेश के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कंटीजेंसी प्लान के तहत स्वीकृत राशि का युक्तियुक्त उपयोग करने के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में जिला कलक्टर्स के साथ समन्वय से कार्य करे, जिससे किसी भी आकस्मिक कार्य के लिए इस राशि का उपयोग कर मौके पर लोगों की पेयजल जरूरतों को पूरा किया जा सके। डॉ. जोशी ने समर-2022 में अधिकारियों को वर्तमान में विभाग द्वारा संचालित सभी पेयजल योजनाओं के बेहतरीन प्रबंधन एवं इनके जरिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति पर फोकस करने के लिए विशेष रूप से निर्देशित किया है। उन्होंने गर्मियों में बेहतर पेयजल प्रबंधन में विभाग के संसाधनों का भरपूर उपयोग करने के लिए अधिकारियों को चालू वित्तीय वर्ष में स्वीकृत हैंडपम्प एवं ट्यूबवेल कमिशनिंग सहित अन्य कार्यों को भी समय पर पूरा करने को कहा है।उन्होंने बताया कि पीएचईडी में उच्च स्तर पर आगामी गर्मियों में पूरे प्रदेश में पेयजल आपूर्ति की समीक्षा में कुल मिलाकर स्थिति संतोषजनक पाई गई है। फिर भी तेज गर्मियों के दिनों में विशेष तौर पर पश्चिमी राजस्थान सहित कुछ अन्य स्थानों पर पेयजल की सम्भावित अतिरिक्त मांग को देखते हुए व्यापक बंदोबस्त किए जा रहे हैं।

Leave a Reply