प्रचंड गर्मी झेल रहे दिल्लीवासियों के लिए अच्छी खबर, इन दो दिन खूब होगी बारिश, गिरेगा पारा

नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गर्मी का प्रचंड प्रकोप जारी है. बुधवार को बुधवार सुबह में गर्मी का असर रहा और अधिकतम तापमान के 40 डिग्री सेल्सियस पार करने की संभावना है और यह 42 डिग्री तक जाने की संभावना है. हालांकि तेज गर्मी के बीच दिल्ली में अगले 5-6 दिनों में मौसम बदलेगा और बारिश होने का अनुमान है. इस कारण दिल्ली में पारा गिरेगा.
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार और गुरुवार को दिल्ली में तेज गर्म हवाओं का दौर रहेगा, जिससे अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है. वहीं, अगले तीन दिन 10, 11 और 12 मई को
तापमान क्रमश: 41, 40 और 40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. हालांकि 10 और 11 मई को धूल भरी तेज आंधी दिल्ली में चलेगी. वहीं, 12 मई को दिल्ली में बादल छाए रहने और बिजली गरजने की संभावना है.
वहीं, मौसम में बदलाव 13 और 14 मई को देखने को मिलेगा. इन दोनों दिन दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने का अनुमान है. इन दो दिन तापमान 38 और 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इस तरह बारिश की वजह से दिल्ली में पारा गिरेगा.
शहर में स्थित सफदरजंग वेधशाला ने बताया कि बुधवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के करीब बने रहने का अनुमान है. सुबह साढ़े आठ बजे 39 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज किया गया. मौसम विज्ञानियों ने दिन के दौरान आसमान मुख्यरूप से साफ रहने और धूल भरी आंधी चलने का अनुमान लगाया है.
मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
