प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने राजीव भवन में फहराया पार्टी का झंडा

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने सोमवार को अपना 136वां स्थापना दिवस मनाया। मोहन मरकाम के पार्टी कार्यालय पहुंचने पर सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन पहुंचकर पार्टी का झंडा फहराया और रायपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने शहर में प्रभातफेरी निकालकर लोगों में मिठाई बांटीं। कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन सहित पूरे प्रदेश के जिला एवं ब्लाक मुख्यालयों में कांग्रेस नेताओं ने आज पार्टी का स्थापना दिवस मनाया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने राजीव भवन के सामने पार्टी का तिरंगा झंडा फहराया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू सहित अनेक नेता राजीव भवन पहुंचे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, कांग्रेस देश की सेवा में हमेशा आगे रही है। शांति, सद्भाव और भाईचारा हमारी परंपरा रही है। पार्टी की 136वीं वर्षगांठ पर हमने इस परंपरा को बनाए रखने और देश सेवा में जुटे रहने की शपथ ली है। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा, अपनी स्थापना के 136 वर्ष पूरे कर लिए हैं। आजादी की लड़ाई से ले कर आधुनिक भारत के निर्माण में कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने राहुल गांधी को कांग्रेस की बहुलतावादी लोकतांत्रिक मूल्यों की उपज बताया। श्री मरकाम ने कहा की राहुल गांधी जिस बेबाकी और निडरता से बहुमत के अतिवादी चरित्र का विरोध कर रहे हैं, वे कांग्रेस के मूल्यों की उपज है। उन्होंने कहा, राहुल गांधी कांग्रेस के उन्हीं मूल्यों उपज हैं जिनको ले कर कांग्रेस ने दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक-राष्ट्रवादी आंदोलन का नेतृत्व किया। भारत की आजादी की लड़ाई लड़ी।
