प्रदेश में आंधी-बारिश, 5 जिलों में ओले गिरे, खेत से मंडी तक फसलों को नुकसान, गिरदावरी के आदेश

प्रदेश में बुधवार को भी 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार वाली आंधी के साथ बरसात हुई। दक्षिण हिस्से में मध्यम व उत्तर-पश्चिम में हल्की बारिश हुई। भिवानी के लोहारू में सबसे ज्यादा 30 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। हिसार, सिरसा, चरखी दादरी, फतेहाबाद, कैथल जिले के कुछ क्षेत्रों में ओले भी गिरे। वहीं, यमुनानगर में एक दिन पहले ओले गिरे थे। बारिश से मंडियों में गेहूं भीग गया तो खेतों में भी खड़ी फसलों को नुकसान हुआ है। इस पर राजस्व राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने विभाग के अधिकारियों को नुकसान का आकलन करने को कहा है। साथ ही जरूरत पड़ने पर विशेष गिरदावरी के भी आदेश दिए हैं। दिनभर छाए बादल, आंधी व बारिश के कारण तापमान सामान्य से 10 डिग्री तक कम हो गया है। कुरुक्षेत्र में यह 27 डिग्री पर आ गया। वहीं, नारनौल में रात का पारा सामान्य से 3 डिग्री कम होकर 16.5 डिग्री पर आ गया। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष रतन मान और इनेलो नेता अभय चौटाला ने कहा कि सरकार तुरंत गिरदावरी कराकर फसलों का मुआवजा 15 दिन के अंदर दे, ताकि किसानों को खरीफ की फसल की बिजाई करने में आर्थिक मदद मिल सके। 

Leave a Reply