प्रदेश में कुछ सीटों पर कांग्रेस बदल सकती है उम्मीदवार! राहुल गांधी ने मांगा फीडबैक

कांग्रेस प्रदेश की कुछ लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों में बदलाव कर सकती है ! इसके लिए पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने शक्ति एप के जरिए कुछ सीटों का फीडबैक मांगा है. पार्टी सूत्रों की मानें तो कुछ सीटों पर कमजोर प्रत्याशी चयन से पार्टी आलाकमान नाराज हैं. लिहाजा कुछ सीटों पर फीडबैक के बाद प्रत्याशियों में बदलाव की संभावना है.
जानकारी के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शक्ति एप के जरिए जयपुर शहर, जयपुर ग्रामीण, श्रीगंगानगर, झालावाड़-बारां, अजमेर, भीलवाड़ा, धौलपुर-करौली और राजसमंद सीट का फीडबैक मांगा है. पार्टी अध्यक्ष ने उम्मीदवार चयन को लेकर शक्ति एप के जरिए यह फीडबैक मांगा है. शक्ति एप के फीडबैक की रिपोर्ट के आधार पर कुछ सीटों पर प्रत्याशी बदले जा सकते हैं. शनिवार को सीएम अशोक गहलोत भी अचानक जोधपुर से दिल्ली गए थे. उनके दिल्ली जाने के बाद पार्टी में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था. पार्टी सूत्रों के अनुसार करीब 4 सीटों के उम्मीदवारों पर पुनर्विचार की संभावना जताई जा रही है.
कई सीटों पर हो रहा है प्रत्याशियों का विरोध
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने भले ही प्रदेश की सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हों, लेकिन कई जगह पार्टी में आपसी खींचतान के चलते प्रत्याशियों का विरोध सामने आ रहा है. धौलपुर-करौली लोकसभा क्षेत्र से टिकट बदलने की मांग की जोरशोर से की जा रही है. कांग्रेस ने इस बार करौली-धौलपुर सीट से बैरवा की जगह जाटव समाज के संजय कुमार जाटव को अपना प्रत्याशी बनाया है. इससे बैरवा समाज नाराज है. इस नाराजगी को देखते हुए धौलपुर के बसेड़ी विधायक खिलाड़ीलाल बैरवा ने गत रविवार को सीएम अशोक गहलोत से मुलाकात कर अपने इस्तीफे की पेशकश भी कर दी थी.
 

Leave a Reply