प्रदेश में दगा दे रहा मानसून, सूखे के हालात

भोपाल । राजधानी सहित प्रदेशभर में पिछले एक सप्ताह से बारिश का दौर थम गया है। अचानक मानसून आने और चले जाने से मौसम वैज्ञानिक भी परेशान हैं। आठ दिन से पानी नहीं गिरने की वजह से प्रदेश के 23 जिले औसत से कम बारिश और 9 जिले तो सामान्य से 20 से 60 फीसदी कम बारिश की स्थिति पहुंच गए हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक यह स्थिति चिंताजनक है। छिंदवाड़ा, बालाघाट, शहडोल, सिवनी, होशंगाबाद, गुना, विदिशा, बैतूल और सीधी जिलों में 16 जुलाई तक की स्थिति में सामान्य से 20 से 60 फीसदी कम बारिश दर्ज है। अगर एक सप्ताह और इन जिलों में पानी नहीं गिरता है, तो स्थिति ायानक हो सकती है। हालांकि राजधानी सहित प्रदेश के कुछ जिले ऐसे हैं, जिनमें 28 जून से 9 जुलाई के बीच अच्छी बारिश हो गई थी। इस वजह से अब भी बारिश का कोटा सामान्य से कम नहीं हुआ। राजधानी में अब तक की स्थिति में सामान्य से 5 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज है, लेकिन तीन-चार दिन बाद यह कोटा सामान्य से कम की स्थिति में पहुंच जाएगा। उधर, पानी नहीं गिरने से उमस बढ़ गई है। राजधानी सहित प्रदेश के सभी शहरों में तापमान भी बढ़ गया है। मंगलवार को राजधानी का तापमान 34.6 डिग्री दर्ज हुआ। ग्वालियर का तापमान 36.6, इंदौर का पारा 33.2, जबलपुर का पारा 35.6 डिग्री पर पहुंच गया।
कम होने लगा जल स्तर
पिछले एक सप्ताह से पानी नहीं गिरने से फसलों को भी नुकसान होने लगा है। वहीं कम बारिश होने से जल स्तर भी नहीं बढ़ पाया है। इससे तालाब, कुंआ और ट्यूब वेल में बारिश के दौरान बढ़ा हुआ पानी का स्तर अब कम होने लगा है।

Leave a Reply