प्रदेश में दो बस दुर्घटना में पांच यात्रियों की मौत

भोपाल । प्रदेश के सीधी एवं शहडोल ‎जिले में आज सुबह हुई अलग-अलग बस दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। सीधी ‎जिले में एक यात्री बस 30 फीट गहरी नहर में डूब गई। यह दुर्घटना सीधी के रामपुर नैकिन थाना इलाके में मंगलवार सुबह 7.30 बजे हुई। बस में करीब 54 यात्रियों के सवार होने की सूचना सामने आ रही है। हादसे के बाद 7 लोग तैरकर बाहर निकल आए, घटना में 4 लोगों के शव बाहर निकाले जाने की सूचना सामने आ रही है। नहर इतनी गहरी है कि बस पूरी तरह उसमें डूब गई है। क्रेन के जरिए बस को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है, लेकिन वह मिल नहीं रही। बाणसागर डैम से निकलने वाले पानी को बंद करा दिया गया है। जिससे बस को तेज बहाव से रोका जा सके। बताया गया है कि बस में बघवार, चोरगढ़ी समेत आसपास के भी यात्री सवार थे। बस हादसे को लेकर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सीधी कलेक्टर से बात की है। जानकारी के मुताबिक बस सीधी से सतना जा रही थी, साइड लेने के दौरान वह पुलिया से सीधे नहर में जा गिरी। घटना के बाद पास के ग्रामीण और अन्य लोग बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटे। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठे हो गए हैं। घटना की जानकारी लगते ही बस में सवार लोगों के स्वजन भी मौके पर पहुंच रहे हैं मौके पर कोहराम मचा हुआ है। वहीं दूसरी दुर्घटना शहडोल जिले के जयसिंहनगर में हुई। जयसिंहनगर के पास उत्तरप्रदेश के लखनऊ से छत्तीसगढ़ के कवर्धा मजदूरों के लेकर जा रही बस आज सुबह 6:30 बजे के आसपास जयसिंहनगर के अखडार पुल के पहले मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें 1 की मौत 21 लोग घायल है। घायलों का सामुदायिक स्वस्थ्य केंद्र जयसिंहनगर में इलाज चल रहा है। घटना में मृतक का नाम धनुष सिंह है जबकि 21 लोग घायल हैं। घटना की सूचना पर थाना जयसिंहनगर प्रभारी योगेंद्र सिंह परिहार मौके पर पहुंचे। घायलों को अस्पताल में चाय-नाश्ते की व्यवस्था कराई। उपचार के बाद लोगों को गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।

Leave a Reply