प्रदेश में बवंडर दे सकता है दस्तक, राजसमंद में तूफान ने मचाई तबाही

भीषण गर्मी से जूझ रहे प्रदेश में मौसम ने पलटा खाना शुरू कर दिया है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम विभाग ने कई इलाकों में धूलभरा बवंडर आने की चेतावानी दी है. इस दौरान तेज अंधड़ के साथ बारिश की संभावना है. इसका असर शुक्रवार रात को ही प्रदेश के कई इलाकों में देखा गया. जैसलमेर में जहां बादल जमकर बरसे वहीं राजसमंद जिले में बारिश और तूफान ने भारी तबाही मचाई. कई जगह टीन-टप्पर उड़ गए.मौसम विभाग के मुताबिक अजमेर, भीलवाड़ा, भरतपुर, अलवर, सीकर, सिरोही, झुंझुनूं, उदयपुर, जयपुर, समेत पश्चिमी राजस्थान में जैसलमेर, बाड़मेर और जोधपुर तथा बीकानेर, नागौर व हनुमानगढ़ में शनिवार और रविवार को 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चल सकती हैं. इनमें से जैसलमेर और राजसमंद में तो इसकी दस्तक हो चुकी है. जैसलमेर जिले में शुक्रवार रात को बादल जमकर बरसे. कई जगह ओलावृष्टि हुई. बारिश से 132 केवी के एक जीएसएस में ब्लास्ट हो गया. इससे कई इलाकों में बिजली गुल हो गई. बारिश के बाद कई इलाकों में 12 घण्टे से अधिक समय से विधुत सप्लाई बंद है.राजसमंद में तूफान ने दिखाया रौद्र रूप
राजसमंद जिले में आधी रात को आए तूफान ने जबर्दस्त तबाही मचाई. तूफान की गति का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि लोहे की चद्दरों से बनी छतें तो उड़ी ही सीमेंटे की चद्दरों की छतें भी उड़ गई. तूफान से कई जगह लोगों को भारी नुकसान पहुंचा है. कई बड़े पेड़ और बिजली के पोल धराशाही हो गए. तूफान की चपेट में आए पीड़ितों ने सरकार से राहत की मांग की है.
