प्रयागराज में उफनाई गंगा और यमुना, पलायन को मजबूर ग्रामीण

प्रयागराज. मध्य प्रदेश और उत्तराखंड के साथ छोड़ा गया बांध का पानी प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियों में आई बाढ़ अब विकराल रूप लेती जा रही है. दोनों नदियां खतरे के निशान से सिर्फ एक मीटर नीचे ही रह गई हैं. पानी तमाम मोहल्लों व गांवों में घुसने से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. यहां कई सड़कें और रास्ते भी बाढ़ की चपेट में आ गए हैं. बाढ़ का पानी भरने से तमाम इलाकों का संपर्क बाकी जगहों से कट गया है.

 हजारों घरों में घुसा पानी

गापार इलाके की फूलपुर तहसील में गंगा नदी का पानी अब सड़कों पर बह रहा है. हजारों घरों में पानी घुस गया है. ऊंचे-ऊंचे पेड़ बाढ़ के पानी में समा गए हैं. तकरीबन 50 गांवों में जनजीवन बेहाल है. इसके साथ ही संगम जाने वाले सारे रास्ते भी बाढ़ के पानी में डूबे हुए हैं. हजारों लोग घर बार छोड़कर सुरक्षित जगहों पर चले गए हैं.

जान जोखिम में डालकर स्कूल जाते बच्चे

जिन सड़कों पर हफ्ते भर पहले कार व बाइक तेजी से फर्राटा भरते थे, अब वहां नावें चल रही हैं. बिजली व पानी की सप्लाई ठप होने के बाद लोग या तो नावों के सहारे बाहर आ रहे हैं या फिर कई फुट जमा पानी में ज़िंदगी को दांव पर लगाकर बाहर निकलते हैं. तमाम जगहों पर स्कूली बच्चे घुटने भर से ज़्यादा पानी में जान जोखिम में डालकर स्कूल आने को मजबूर हैं.
राहत शिविरों में फैली अव्यवस्था

प्रशासन द्वारा बनाए गए बाढ़ राहत शिविरों में ठिकाना ले रहे हैं. हालांकि बाढ़ पीड़ितों ने प्रशासन पर आरोप लगाया है कि जिस स्कूल में उन्हें रखा गया है, उस स्कूल में शौचालय की व्यवस्था नहीं है. न ही लाइट की व्यवस्था है. ऐसे में रात गुजारना मुश्किल साबित हो रहा है. वहीं ग्रामीण इलाकों में बाढ़ से सैकड़ों एकड़ धान की फसल में बाढ़ का पानी घुसने से बर्बाद हो गई.

केन्द्रीय जल आयोग की रिपोर्ट 

केन्द्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले कुछ दिनों में जलभरण क्षेत्रों में मूसलाधार वर्षा की वजह से नदियां उफान पर हैं. गंगा नदी गाजीपुर और बलिया में खतरे के निशान को पार कर गयी है. वहीं, वाराणसी, फाफामऊ (प्रयागराज) और कचलाब्रिज (बदायूं) में इसका जलस्तर खतरे के निशान के नजदीक पहुंच गया है. रिपोर्ट के अनुसार यमुना नदी हमीरपुर और चिल्लाघाट (बांदा) में, बेतवा नदी सहिजना (हमीरपुर), शारदा नदी पलियाकलां (लखीमपुर खीरी) और घाघरा नदी एल्गिनब्रिज (बाराबंकी) में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. 

Leave a Reply