प्रेमिका की सगाई रुकवाने के लिए उसके भाई समेत दो की हत्या

गाजियाबाद । जिले के लोनी क्षेत्र में दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। दोनों का शव गत दिवस लोनी-गाजियाबाद रोड पर टीला शाहबाजपुर गांव के सामने एक कार से बरामद हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों से बरामद आधार कार्ड से उनकी पहचान की। घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने आनन-फानन में हत्याकाण्ड का खुलासा भी कर दिया। जांच में पता चला कि प्रेमिका की शादी रोकने के लिए हत्यारों ने उसके भाई और ड्राइवर की हत्या की थी। पुलिस ने दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त विवरण के मुताबिक मेरठ में लिसाड़ी गेट क्षेत्र के दो युवकों की गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। जांच में पता चला कि मेरठ में कोतवाली थाना क्षेत्र के इमलियान निवासी मोहम्मद इश्तियाक की स्विफ्ट डिजायर ट्रेवल एजेंसी पर चलती है। इस कार पर दानिश निवासी अहमदनगर ड्राइवर है। शनिवार सुबह कोतवाली क्षेत्र में ढलाई वाली गली निवासी अजीम, जमील और महमूदनगर निवासी जुनैद इस कार बुक करके दिल्ली के सीलमपुर गए थे। तीनों युवक सोना गलाकर जेवरात बनाने का काम करते हैं। योजना के मुताबिक रास्ते में ड्राइवर के बराबर वाली सीट पर बैठे जुनैद की अजीम और जमील ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। जांच में खुलासा हुआ कि अजीम के जुनैद की बहन से संबंध थे। जबकि जुनैद इसका विरोध करता था। वहीं उसने अपनी बहन का रिश्ता भी तय कर दिया था। आज रविवार को उसकी सगाई होनी थी। इसीलिए इस हत्याकाण्ड की षडयंत्र रचा गया। मेरठ पुलिस ने तत्पर कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी अजीम और जमील को गिरफ्तार कर लिया। मेरठ पुलिस ने दोनों हत्यारोपियों को लोनी पुलिस के हवाले कर दिया है।
