फरीदाबाद: लोगों ने युवक को बच्चा चोर समझकर बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा

फरीदाबाद: देश में एक अफवाह ने जोर पकड़ लिया है. जी हां अफवाह है बच्चा चोरी होने की. यह अफवाह आपको अब शहर-शहर, गली-गली मोहल्ले में सुनने को मिल जाएगी. यही अफवाह फरीदाबाद में भी देखने को मिली जब लोगों ने एक युवक को बच्चा चोर समझकर बंधक बनाकर बुरी तरह पिटाई कर दी और उसे लहूलुहान कर दिया.
घटना फरीदाबाद की पर्वतीय कॉलोनी इलाके की है लेकिन पुलिस ने ऐसे किसी मामले की पुष्टि नहीं करते हुए लोगों से अपील की है कि लोग अफवाहों की ओर ध्यान न दें. कानून अपने हाथ में न लें. अगर कुछ ऐसा सामने आता है तो कृपया इसकी सूचना पुलिस को दें. पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यदि कोई अफवाह फैलाता है तो अफवाह फैलाने वाले और कानून को हाथ में लेने वाले दोनों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी.
एनआईटी फरीदाबाद के पर्वतीय कॉलोनी कुछ युवकों ने एक युवक को बंधक बनाकर बच्चा चोरी के आरोप में बुरी तरह पीटा. युवकों ने युवक को पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया. घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है. जब वायरल वीडियो के बारे में फरीदाबाद के पुलिस प्रवक्ता से बात की गई तो उन्होंने बताया कि फरीदाबाद में अभी तक बच्चा चोरी का कोई भी मामला सामने नहीं आया है और ये युवक जिसको पीट रहे हैं, वह एक भिखारी है जिसे लोगों ने बच्चा चोर समझकर पीटा है.
पुलिस प्रवक्ता सुबह सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि फरीदाबाद में कोई बच्चा चोरी होने का मामला सामने नहीं आया है, केवल यह अफवाह फैलाई जा रही है जिसके चलते लोग इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. कृपया कोई भी इस तरह की अफवाह ना फैलाएं और कानून को हाथ में ना लें यदि किसी पर कोई शक होता है तो कृपया पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दें. यदि कोई अफवाह फैलाता हुआ या कानून हाथ में लेता हुआ पाया गया तो पुलिस उसके खिलाफ उचित कार्रवाई करेगी.
