फाइनल से पहले बोले रोहित, इस सीजन में बस एक बार और…

नई दिल्ली: आईपीएल-12 (IPL-12) में एक बार फिर मुंबई (Mumbai Indians) और चेन्नई (Chennai Super Kings) की टीमें आमने-सामने होने वाली हैं. इस बार मुकाबला लीग या फाइनल के लिए नहीं, बल्कि ट्रॉफी के लिए हैं. जो भी टीम जीतेगी, खिताब उसके नाम हो जाएगा. रविवार को होने वाले फाइनल में कोई भी टीम जीते, एक रिकॉर्ड भी बनेगा. यह रिकॉर्ड है चौथे खिताब की. आईपीएल के इतिहास में यह पहला मौका होगा, जब कोई टीम चार खिताब जीतेगी.
मुंबई और चेन्नई की प्रतिद्वंद्विता किसी से छिपी नहीं है. दोनों टीमें तीन-तीन बार की चैंपियन हैं. दोनों टीमें आईपीएल के मौजूदा सीजन में भी तीन बार भिड़ चुकी हैं. तीनों ही बार रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की कप्तानी वाली मुंबई ने एमएस धोनी (MS Dhoni) की कप्तानी वाली चेन्नई को हराया. जाहिर है, उनकी टीम चेन्नई के खिलाफ ऊंचे मनोबल के साथ मैदान पर उतरेगी. रोहित शर्मा ने अपनी टीम से एक बार और ऐसा ही खेल देखने की अपील की है.
रोहित शर्मा ने शनिवार को ट्वीट कर ना सिर्फ अपनी टीम से बेहतर खेल की अपील की, बल्कि विरोधी टीम के लिए चेतावनी भी जारी कर दी. उन्होंने अपनी टीम के प्रैक्टिस सेशन की तस्वीर पोस्ट कर लिखा, ‘इस सीजन में बस एक बार और मुंबई इंडियंस, आखिरी बार…’
इस बार मुंबई और चेन्नई के बीच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में मैच होना है. मुंबई ने चेन्नई को उसके घरेलू मैदान पर दो बार हराया है. मुंबई की टीम चेन्नई से अपने घर पर भी जीत चुकी है. अब दोनों टीमें तीसरे मैदान पर सामने होंगी. इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि मुंबई की टीम फाइनल में जीत का दावेदार होगी.
मुंबई की टीम क्वालिफायर-1 में चेन्नई को हराकर फाइनल में पहुंची है. जबकि, चेन्नई को क्वालिफायर-1 में हारने के बाद क्वालिफायर-2 में खेलना पड़ा. उसने क्वालिफायर-2 में दिल्ली को छह विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया. चेन्नई की टीम आठवीं बार आईपीएल के फाइनल में पहुंची है.
