बंगाल और असम में वोटिंग जारी, अमित शाह बोले- निडर होकर वोट करें

नई दिल्ली, पहले चरण के मतदान के लिए पश्चिम बंगाल और असम में आज वोटिंग हो रही है। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 30 विधानसभा सीटों और असम की 47 सीटों के लिए आज यानी शनिवार को मतदान हो रहा है। वोटिंग सुबह सात बजे शुरू हुई है और शाम 6.30 बजे तक जारी रहेगी। इस चरण में बंगाल में जहां 73 लाख से अधिक मतदाता 191 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इस चरण की अधिकतर सीटें एक समय नक्सलवाद से प्रभावित रहे जंगलमहल क्षेत्र में पड़ती हैं। वोटिंग के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चुनाव आयोग ने केंद्रीय बलों की करीब 684 कंपनियों को तैनात किया है जो 7,061 मतदानस्थलों पर 10,288 मतदान बूथों पर पहरा देंगी। असम में वोटिंग के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग नॉर्म्स का पालन किया जा रहा है। असम और बंगाल चुनाव में के पहले चरण में अधिक वोटिंग के लिए अमित शाह ने लोगों से अपील की है। अमित शाह ने ट्वीट कर कहा, 'मैं पश्चिम बंगाल के प्रथम चरण के मतदाताओं से अपील करता हूँ कि बंगाल के गौरव को पुनर्स्थापित करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में निडर होकर मतदान करें। आपका एक वोट सुभाष चंद्र बोस, गुरुदेव टैगोर व श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महापुरुषों की कल्पना के बंगाल की रचना को साकार करेगा। वहीं, असम के लिए ट्वीट में शाह ने कहा 'आज असम में प्रथम चरण का मतदान है। मैं सभी भाईयों-बहनों और विशेषकर युवाओं से अपील करता हूं कि प्रदेश में शांति, विकास व समृद्धि को बनाए रखने के लिए भारी संख्या में मतदान करें। लोकतंत्र के इस महापर्व में आपकी भागीदारी ही असम की प्रगति का प्रमुख स्तंभ है इसलिए मतदान अवश्य करें। चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने बताया, 'झाड़ग्राम में 1,010 स्थानों पर सभी 1,307 मतदान केंद्रों को वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित क्षेत्र घोषित करते हुए हमने केवल बूथ प्रबंधन के लिए केंद्रीय बलों की 127 कंपनियों को तैनात करने का फैसला किया है।' केंद्रीय बलों की 14 अन्य कंपनियों का इस्तेमाल त्वरित प्रतिक्रिया दलों (क्यूआरटी) के रूप में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बलों की 144 कंपनियों को झाड़ग्राम में तैनात किया जाएगा।
तृणमूल कांग्रेस और भाजपा ने जहां 29-29 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, वहीं वाम-कांग्रेस-आईएसएफ गठबंधन ने सभी 30 सीटों पर प्रत्याशी खड़े किये हैं। तृणमूल कांग्रेस पुरुलिया की जॉयपुर सीट पर एक निर्दलीय उम्मीदवार का समर्थन कर रही है। यहां उसके आधिकारिक उम्मीदवार उज्ज्वल कुमार का नामांकन पत्र विसंगतियों की वजह से खारिज हो गया था। भाजपा भी 29 सीटों पर किस्मत आजमा रही है और बाघमुंडी सीट पर झारखंड की उसकी सहयोगी पार्टी आजसू ने अपना उम्मीदवार उतारा है।
पहले चरण में पुरुलिया जिले की सभी नौ सीटों, बांकुड़ा की चार सीटों, झाड़ग्राम की चार सीटों, पश्चिम मेदिनीपुर की छह और पूर्ब मेदिनीपुर की सात सीटों पर कोविड-19 के दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए मतदान होगा। पूर्ब मेदिनीपुर भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी का गृहक्षेत्र है।
