बंगाल में किसान नेताओं की हुई एंट्री, भाजपा के खिलाफ बना रहे माहौल

कोलकाता। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत अब पश्चिम बंगाल पहुंचे हैं। जहां वे महापंचायत में भाजपा को छोड़कर किसी को भी वोट देने की बात कह रहे हैं। भवानीपोरा में किसान महापंचायत को संबोधित करते हुए टिकैत ने एक बार फिर दोहराया, जब तक कानूनों की वापसी नहीं, तब तक घर वापसी नहीं। उन्होंने कहा कि सरकार इन दिनों बंगाल में चुनाव प्रचार में व्यस्त है इसलिए हमारे नेता भी यहां आ गए। सरकार किसानों के साथ बातचीत नहीं कर रही है। गौरतलब है कि कि भवानीपोरा के अलावा किसानों की महापंचायत नंदीग्राम, सिंगूर और आसनसोल में होने वाली है। उल्लेखनीय है कि स्वराज इंडिया के नेता योगेंद्र यादव ने शुक्रवार को कहा था कि हम किसी भी पार्टी का समर्थन नहीं कर रहे हैं या लोगों से यह नहीं कह रहे हैं कि वह किसे वोट दें, लेकिन हमारी अपील है कि भाजपा को सबक सिखाया जाए।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का सबसे अहम मुकाबला नंदीग्राम में होने वाला है। यहां पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बनाम तृणमूल से भाजपा में शामिल हुए शुभेंदु अधिकारी के बीच में टक्कर होने वाली है। इस सीट पर दूसरे चरण में एक अप्रैल को मतदान होगा। लेकिन किसान नेताओं की बंगाल में एंट्री होने से भाजपा की छवि धूमिल हो सकती है। क्योंकि सीधेतौर पर यह लोग भाजपा के खिलाफ वोट करने की अपील कर रहे हैं। ऐसे में ममता दीदी को फायदा होता है या फिर नहीं ? इसका पता तो 2 मई को चलेगा।
