बगैर मंजूरी दांडी कूच करने पर कांग्रेस प्रदेश प्रमुख और विपक्ष के नेता गिरफ्तार

अहमदाबाद | गुजरात कांग्रेस ने शुक्रवार को दांडी कूच का आयोजन किया था और इसके लिए पुलिस से मंजूरी भी मांगी थी| लेकिन पुलिस ने कांग्रेस की दांडी कूच को मंजूरी नहीं दी| मंजूरी नहीं मिलने के बावजूद दांडी कूच करने को आमादा गुजरात प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अमित चावड़ा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष परेश धानाणी समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया| बता दें कि गांधीजी की ऐतिहासिक दांडी यात्रा के 91 वर्ष पूर्ण होने और अगले साल स्वतंत्रता प्राप्त के 75 साल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को अहमदाबाद में आजादी का अमृत महोत्सव और दांडी यात्रा का प्रस्थान कराया| पीएम मोदी का कार्यक्रम पूर्ण होने के बाद गुजरात प्रदेश कांग्रेस से गांधी आश्रम तक दांडी कूच के लिए नेता और कार्यकर्ता अहमदाबाद के पार्टी मुख्यालय पर जमा होने लगे| मंजूरी नहीं मिलने के बावजूद दांडी कूच को अडिग प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अमित चावडा, विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष परेश धानाणी, पूर्व प्रदेश प्रमुख अर्जुन मोढवाड़िया और सिद्धार्थ पटेल के अलावा विधायक पूंजाभाई वंश, ऋत्विक मकवाणा, राजेश गोहिल, जशुभाई पटेल, इमरान खेडावाला और प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता मनीष दोशी को हिरासत में ले लिया| दरअसल गुजरात कांग्रेस हर साल दांडी कूच का आयोजन करती है| लेकिन इस वर्ष आजादी का अमृत महोत्सव के कारण कांग्रेस को दांडी कूच की मंजूरी नहीं दी गई थी| कांग्रेस ने इस साल दांडी कूच में किसानों का मुद्दा उठाते हुए ट्रेक्टरों को भी शामिल किया था| ट्रेक्टर की हवा निकालने के साथ ही कांग्रेस मुख्यालय पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया| पुलिस से मंजूरी नहीं मिलने के बाद गुजरात कांग्रेस प्रमुख अमित चावडा ने राज्यपाल आचार्य देवव्रत को पत्र लिखकर इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की थी| जिसमें उन्होंने लिखा कि गांधीजी के आह्वान पर कांग्रेस नेताओं ने अपना जीवन न्यौछावर कर दिया| प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहली बार दांडी यात्रा कर रहे हैं और कांग्रेस उसका स्वागत करती है| लेकिन साथ ही कांग्रेस को भी अपने बुजुर्गों के संघर्ष को याद करने का अधिकार है| अमित चावडा ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बाद कांग्रेस की दांडी कूच को मंजूरी देने की राज्यपाल से मांग की|
