बच्चों की दांत काटने की आदत ऐसे होगी दूर

छोटे बच्चे सही गलत का फर्क नहीं कर पाते, अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए वे दांत भी काटने लगते हैं, अगर आपका बच्चा दांत काटता हो तो उसे ऐसे छुड़ायें।
छोटा बच्चा जब खुश होता है तब हंसता और खिलखिलाता है और पूरे घर को खुशियों से भर देता है लेकिन जब वही बच्चा गुस्सा होता है तो रोने के अलावा अपने गुस्से को जाहिर करने के लिए दांत भी काटता है लेकिन कई बार यह बच्चे की आदत बन जाती है और जब वह किसी के पास जाता है तो दांत काटता है। अगर घर में मेहमान आये हों तो इससे आपको शर्मिंदगी भी महसूस हो सकती है। इसलिए अगर आपका बच्चा दांत काटता है तो उसकी आदत को छुड़ाना ही बेहतर है। इसके लिए उसे डांटे और मारे नहीं बल्कि ऐसे तरीके अख्तियार करें जिससे आसानी से उसकी दांत काटने की आदत छूट जाये।
आपका बच्चा जो भी करता है उसकी जानकारी आपको होती है, अगर वह बुरी आदतें सीख रहा है तो इसे रोकने के लिए उसे बिलकुल भी न उकसायें। यानी अगर आपका बच्चा दांत काट रहा है तो उसे दांत काटने के लिए उकसायें नहीं। ऐसा करने से वह कुछ दिनों में दांत काटना भूल जायेगा। बच्चों को दांत काटने से रोकने के लिए यह एक आसान और सबसे कारगर तरीका है।
बच्चे को कभी न उकसायें
अगर आपको लगता है कि आपका बच्चा अधिक गुस्से में है और वह आपे से बाहर हो रहा है तो उसका ध्यान किसी और चीज की तरफ आकर्षित कीजिए हालांकि इसके लिए आपको मेहनत करनी पड़ सकती है, लेकिन इससे उसकी दांत काटने की आदत दूर हो जायेगी।
बच्चे का ध्यान हटायें
जब बच्चे के दांत निकलने लगते हैं तब आम तौर पर बच्चे दांत काटते हैं। दांत निकलने के दौरान दांत काटना एक आम समस्या है। ऐसे में बच्चों को एक टीथर दीजिए। इससे बच्चा उसमें उलझा रहेगा और दांत नहीं काटेगा। हो सके तो टीथर को ठंडा करके दीजिए। दांत निकलने के दौरान होने वाले दर्द से राहत के लिए ठंडा वॉश-क्लॉथ भी बच्चे को दे सकते हैं।
बच्चे को टीथर दीजिए
अगर आप बच्चे की जरूरत को नहीं समझ पाते हैं तो वह अपनी तरफ ध्यान आकर्षित करने के लिए भी ऐसा कर सकता है। इसलिए ऐसे में इस बात को समझें कि यह वक्त बच्चे को प्रतिक्रिया देने का तरीका है। इसलिए आप बच्चे पर पूरा ध्यान रखें ताकि उन्हें ध्यान आकर्षित करने के लिए कुछ और न करना पड़े।
छोटे बच्चे अच्छे और बुरे में फर्क नहीं कर पाते हैं, इसीलिए तो वे कई बार गुस्से में नहीं बल्कि खुशी में दांत काटते हैं। ऐसे में अपने बच्चे पर गुस्सा तो बिलकुल न करें। अगर आप उनकी इस हरकत पर गुस्सा होंगे तो हो सकता है बार-बार वे ऐसा सिर्फ आपका ध्यान आकर्षित करने के लिए करें। इसलिए जब आपका बच्चा दांत काटे तो गुस्सा न हों बल्कि शांत रहें।
