बदमाशों ने की फायरिंग, फिर लूट ले गए लाखों के जेवरात से भरा बैग

धौलपुर। धौलपुर के निहाल गंज थाना इलाके में देर रात दुकान बंद कर स्कूटी से घर जा रहे सर्राफा व्यापारी पर आनंद नगर कॉलोनी के मोड़ पर करीब आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने हमला कर सोने चांदी एवं नगदी से भरा हुआ बैग लूट लिया। जानकारी के मुताबिक 35 वर्षीय सर्राफा व्यापारी श्री कृष्ण शहर के जगदीश सराय से सराफे की दुकानों को बंद कर स्कूटी पर सोने चांदी एवं नगदी से भरा हुआ बैग लेकर रवाना हुआ था। व्यापारी जैसे ही आनंद नगर कॉलोनी के मोड़ पर पहुंचा, तो बोलेरो सवार करीब आधा दर्जन बदमाशों ने व्यापारी को मोड़ पर रोक लिया। एक बदमाश ने फायरिंग की। अन्य बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी के सिर में डंडा मार दिया। फिर बदमाश सोने चांदी एवं नकदी से भरे हुए बैग को लूट कर फरार हो गए। बैंग में लाखों रुपये की कीमत के जेवरात थे। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का मौका मुआयना कर शहर भर में नाकाबंदी कराई। लेकिन देर रात तक अज्ञात बदमाशों का सुराग नहीं लग सका।
