बरसात में रसोई के सामान को फफूंद से बचाएं, सफ़ाई पर ध्यान दें और इन गलतियों से बचें

बारिश के मौसम में रसोई के समान जैसे बर्तन, मिक्सर जार, चॉपिंग बोर्ड आदि में फफूंद लग जाती है। बर्तनों में दुर्गंध और सीलन-सी महसूस होती है। ये ना केवल दुर्गंध पैदा करते हैं बल्कि सेहत को भी नुक़सान पहुंचा सकते हैं। ख़ासतौर पर तब जब कोरोना काल में ब्लैक फंगस जैसी बीमारियां पैदा हो रही हों। फंगस कैसे दूर करना है, यहां जानिए…
बर्तन साफ़ करके रखें
बर्तन धोने के बाद इन्हें फौरन अलमारी में ना रखें। इन्हें सूखे कपड़े से अच्छी तरह से पोंछें और कुछ देर हवा में छोड़कर फिर अलमारी में व्यवस्थित करें। हालांकि इसके पहले बर्तनों को अच्छी तरह से धोएं ताकि उनमें चिकनाई या भोजन का अंश ना चिपका रह जाए। ख़ासतौर पर मिक्सर के जार, चॉपर जैसे जटिल अप्लाइंसेज की सफ़ाई अच्छी तरह करें।
ड्रायर से सुखाएं
मिक्सर जार, चॉपर, लकड़ी का चॉपिंग बोर्ड, चकला आदि जिनमें नमी रहने की संभावना हो, उन्हें कपड़े से सुखाने के बाद हेयर ड्रायर से सुखा सकते हैं। ड्रायर की गर्म हवा से ये सूख जाएगा और फफूंद भी नहीं लगेगी। चाहें तो बर्तनों पर ड्रायर की हल्की-सी गर्म हवा डाल सकती हैं।
