बाथरूम में नहा रहे भाई-बहन की करंट लगने से मौत, परिजन बोले-तार गिरने से हुआ हादसा

रविवार देर रात जुलाना के वार्ड नंबर 11 में संदिग्ध परिस्थितियों में नौ वर्षीय बच्ची और पांच साल के उसके भाई की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार रात 11 बजे दोनों बच्चे बाथरूम में नहा रहे थे, तभी टब में बिजली का तार गिरने से दोनों करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
वहीं मामले की सूचना पड़ोसियों व पुलिस को सुबह दी गई है। परिजनों ने प्रशासन से पोस्टमार्टम नहीं करवाने की गुहार लगाई जिसके चलते दोनों बच्चों के शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार जुलाना में रविवार देर रात मनजीत की पत्नी प्रियंका अपनी 12 वर्षीय बेटी खुशबू, नौ वर्षीय ईशा व पांच वर्षीय बेटे ईशान उर्फ लक्ष्य के साथ घर में मौजूद थी। खुशबू व प्रियंका टीवी देख रही थीं। इसी दौरान ईशा और ईशान नहाने के लिए बाथरूम में चले गए। काफी देर तक दोनों बच्चे नहीं लौटे तो प्रियंका बाथरूम में में जाकर देखा तो दोनों बच्चे बाथरूम में पड़े थे।
बाथरूम का एक्टेंशन बोर्ड भी गिरा पड़ा था। एक्टेंशन बोर्ड से बाथरूम में रखी वाशिंग मशीन चलाई जाती थी। इसी एक्टेंशन बोर्ड से करंट लगने से बच्चों की मौत हो गई। इस बारे में सुबह पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए जींद के नागरिक अस्पताल भिजवा दिया।

कस्बे के लोगों ने एसएसपी से गुहार लगाई कि यह एक हादसा है, जिसमें बच्चों की जान गई है। वह अब बच्चों का पोस्टमार्टम नहीं करवाना चाहते। एसएसपी ने कस्बे के लोगों की बात मान ली और बिना पोस्टमार्टम करवाए ही बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने बच्चों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जींद के नागरिक अस्पताल में भिजवाया। परिजन एसएसपी से मिले और गुहार लगाई कि वह बच्चों का पोस्टमार्टम नहीं करवाना चाहते। यह एक हादसा था जो हो गया। इसके बाद शवों को बिना पोस्टमार्टम करवाए ही परिजनों को सौंप दिया।-

Leave a Reply