बिजली बिल जमा करने के बावजूद अफसर बना रहे थे ऐसा दबाव, दफ्तर में जाकर निगल लिया जहर

मिस्त्री का काम करने वाले बलबीर सिंह का 28 हजार रुपया बकाया बिल आ गया। उसने यह राशि जमा करा दी, लेकिन इसके बावजूद पॉवरकॉम अधिकारी व कर्मचारी उस पर और पांच हजार रुपये जमा करने का दबाव बना रहे थे। इससेे आहत होकर बलबीर सिंह ने पावरकॉम कार्यालय में ही सल्फास निगल लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस थाना भिखीविंड में पावरकॉम के एसडीओ, जेई व लाइनमैन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस थाना भिखीविंड के प्रभारी रंजीत सिंह धारीवाल ने बताया कि गांव माड़ी समरा निवासी बलबीर सिंह के घर का बिजली का 28 हजार रुपये बिल बकाया था। डेढ़ माह पहले बलबीर सिंह ने बिजली बिल का भुगतान भी कर दिया था। इसके बावजूद पावरकॉम द्वारा बलबीर सिंह की तरफ 5 हजार रुपये और निकाले जा रहे थे।
आरोप है कि पावरकॉम के एसडीओ बूटा राम, जेई सुखविंदर सिंह और लाइनमैन रेशम सिंह द्वारा बलबीर सिंह पर बिल जमा करवाने लिए कथित तौर पर दबाव बनाया गया। बलबीर सिंह को सोमवार सुबह 10 बजे कार्यालय में बुलाया गया। एसडीओ ने बिजली कनेक्शन काटने की धमकी दी। ऐसे में बलबीर सिंह ने मौके पर सल्फास की गोलियां निगल लीं। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इससे पहले थाना प्रभारी रंजीत सिंह धारीवाल व एएएसआइ पूरन सिंह समक्ष बलबीर सिंह ने अपने बयान दर्ज करवाए थे, जिसके आधार पर पावरकॉम के एसडीओ बूटा राम, जेई सुखविंदर सिंह, लाइनमैन रेशम सिंह खिलाफ थाना भिखीविंड में केस दर्ज कर लिया गया। उधर, एसडीओ बूटा राम ने कहा कि उनको झूठे मामले में फसाया गया है।
परिवार बोला-पावरकॉम अधिकारियों ने कर दिया था नाक में दम
बलबीर सिंह के बेटे सुखबीर सिंह ने बताया कि पावरकॉम के अधिकारियों द्वारा उन्हें काफी समय से परेशान किया जा रहा था। बलबीर सिंह ने कई बार अपनी आर्थिक हालत का वास्ता पावरकॉम के अधिकारियों को दिया था। बलबीर की पत्नी सुरजीत कौर ने बताया पावरकॉम के अधिकारियों ने नाक में दम कर दिया था, जिसके कारण उसके पति ने यह कदम उठाया। पिता के शव पर विलाप करती बेटियों हरजीत कौर व इंद्रजीत कौर ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
