बिहार में जारी है पोस्टर वॉर का दौर, जदयू और राजद ने जारी किया नया पोस्टर

बिहार में बेशक अगले साल चुनाव होने हैं लेकिन राज्य में पोस्टर वॉर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सत्तासीन पार्टी जनता दल यूनाइडेट (जदयू) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नए-नए पोस्टर जारी करके राज्य में विधानसभा चुनाव का बिगुल बजा रहे हैं। 'ठीके तो है नीतीश कुमार' के बाद पार्टी ने एक नया पोस्टर जारी किया है जिसपर लिखा है- क्यों करें विचार, जब है ही नीतीश कुमार। यह पोस्टर पार्टी के पटना स्थित कार्यालय के बाहर लगा हुआ दिखाई दिया।
  इसके जवाब में राजद ने भी नया पोस्टर जारी किया है। जिसमें उन्होंने एक लंबा सा पोस्टर जारी किया है जिसमें बताया गया है कि उन्हें विचार क्यों नहीं करना चाहिए। पार्टी ने लिखा है- क्यूं ने करें विचार, गड़बड़ है नीतीश कुमार। हर दिन हो रही है, हत्या, लूट और बलात्कार। इस पोस्टर में राजद ने नीतीश को पलटीमार, कुर्सी का लालची बताया है। इसके अलावा राज्य में होने वाले हर अपराध के लिए मुख्यमंत्री को जिम्मेदार ठहराया गया है।

इससे पहले बीते सोमवार को जदयू ने पोस्टर जारी करके नीतीश को ही मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बताते हुए कहा था कि नीतीश कुमार ठीक हैं। जिसके बाद अगले दिन राजद ने बड़ा पोस्टर लगाया था। जिस पर लिखा था क्यों न करें विचार, बिहार जो है बीमार। इस पोस्टर पर बिहार राज्य के नक्शे पर चमकी बुखार, बाढ़, हत्या, डकैती, सुखाड़ भी लिखा गया था।

जदयू ने पोस्टर जारी करके कहा था- 'क्यों करें विचार, ठीके तो हैं नीतिश कुमार।' इस पोस्टर के जरिए पार्टी ने लोगों को नया चुनावी नारा देने का भी काम किया था। यह पोस्टर राजधानी पटना के कई चौराहों पर लगा हुआ दिखाई दिया था। पार्टी प्रवक्ता संजय सिंह ने पोस्टर को लेकर कहा था कि यह जदयू नहीं बल्कि आम लोगों की भावनाएं ही हैं।

Leave a Reply