बीजेपी में शामिल हुए एनसीपी के पूर्व विधायक संदीप नाईक और शिवेंद्र राजे भोसले

मुंबई। इसी साल सितंबर-अक्टूबर में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. ऐसे में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात बिछाई जाने लगी है. चुनाव से पहले बीजेपी विपक्षी दलों में लगातार सेंधमारी कर रही है. पिछले दिनों बीजेपी के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन ने दावा किया था कि इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अपना पाला बदलने के लिए कांग्रेस और एनसीपी के कम से कम 50 विधायक बीजेपी के संपर्क में हैं. बीजेपी नेता महाजन का दावा अब सच होता नजर आ रहा है. इसी कड़ी में महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) से इस्तीफा देने वाले तीन नेता बुधवार सुबह बीजेपी में शामिल हो गए. इनमें शिवेंद्र राजे भोसले, संदीप नाईक और चित्रा वाघ शामिल हैं. तीनों ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में बीजेपी की सदस्यता ली. बता दें कि मंगलवार को मुंबई के वडाला विधानसभा से कांग्रेस के विधायक कालीदास कोलंबकर, सातारा से एनसीपी के विधायक शिवेंद्र सिंह राजे भोसले, अकोला के एनसीपी विधायक वैभव पिचड और नवी मुंबई के ऐरोली से एनसीपी विधायक संदीप नाईक ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था. इन सभी ने अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष हरिभाऊ बागडे को सौंपा. जबकि एनसीपी की महिला प्रदेश अध्यक्ष चित्रा वाघ ने पिछले हफ्ते ही पार्टी छोड़ दी थी. तभी से यह कयास लगाए जा रहे थे कि ये नेता जल्दी ही बीजेपी में शामिल हो सकते हैं. वहीं विधायक वैभव पिचड के भी बीजेपी में शामिल होने की संभावना है. दिग्गज नेताओं की यह भगदड़ केवल एनसीपी में ही नहीं है बल्कि कांग्रेस में भी है और कई बड़े नेताओं ने कांग्रेस छोड़ बीजेपी जॉइन की है. गौरतलब हो कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने 220 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है. बीजेपी अपने सियासी किले को मजबूत करने की कवायद में जुट गई है. इसी के तहत बीजेपी विपक्षी दल में सेंध लगाकार उनके मनोबल को पूरी तरह से तोड़ देना चाहती है ताकि चुनावी रण में उनके मुकाबले मजूबती से खड़ा न हो सके.

Leave a Reply