बीजेपी विधायकों ने उठाई बिहार में माता जानकी विश्वविद्यालय की मांग, जदयू के रुख पर निगाहें

पटना। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की शुरुआत होने के बाद योगी सरकार उतर प्रदेश में श्री राम विश्वविद्यालय बनाने जा रही है। बिहार में भाजपा विधायकों ने भी यूपी के तर्ज पर सीतामढ़ी में माता जानकी के नाम पर जानकी विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग उठा दी है। भाजपा विधायक संजय सरावगी ने मांग उठाते हुए कहा कि श्री राम और माता जानकी हर हिंदू के दिल में बसते हैं। सीतामढ़ी में माता जानकी के नाम पर भी जानकी विश्वविद्यालय बनाना चाहिए क्योंकि श्रीराम और जानकी और उनसे जुड़ी तमाम बातें करोड़ों हिंदू जानना चाहते हैं। वहीं, भाजपा विधायक हरी भूषण ठाकुर कहते हैं कि माता जानकी के बिना राम अधूरे हैं। सीतामढ़ी माता जानकी का जन्मस्थली है और जब सीतामढ़ी में माता जानकी के नाम पर विश्वविद्यालय बनेगा तो लोग श्री राम और माता जानकी के बारे में ऐसी-ऐसी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे जिससे लोग अभी तक अंजान होंगे।
वही बिहार सरकार के मंत्री और भाजपा नेता प्रमोद कुमार कहना नहीं भूलते है कि जो मांग विधायक उठा रहे हैं, वो होना चाहिए। माता जानकी की यश और कीर्ति जितनी फैली है, वो तमाम जानकारी देश और दुनिया को मिलनी चाहिए। कोई इसका विरोध करता है तो वो गलत है लेकिन बिहार में एनडीए की सरकार है और ये फ़ैसला सर्वसम्मति से होना चाहिए। भाजपा विधायकों के इस मांग पर आरजेडी, कांग्रेस और वाम दल के नेता सवाल खड़ा कर साम्प्रदायिक रंग फैलाने की कवायद बता रहे हैं। कांग्रेस विधायक मुरारी कृष्ण कहते हैं कि बिहार में शिक्षा का हाल बदहाल है, पहले उसे सुधारिए। माता जानकी के नाम पर सियासत मत कीजिए। ऐसा विश्वविद्यालय बनाइए जिसमें क्वालिटी की पढ़ाई हो लेकिन आज ऐसा तो हो नहीं रहा है। ऊपर से इस तरह की मांगकर भाजपा माहौल को बिगाड़ना चाहती है। आरजेडी विधायिका संगीता कुमारी कहती हैं कि भाजपा के लोग जो मांग कर रहे हैं, उसका जवाब वही दे सकते हैं। भारत सेक्यूलर देश है और हर किसी को शिक्षा पाने का अधिकार है, लेकिन वो अधिकार भी बिहार में ठीक तरिके से मिल नहीं रहा है। ऊपर से इस तरह की मांग कर ध्यान भटकाने की कोशिश भाजपा के लोग कर रहे हैं। भाजपा की सहयोगी जदयू इस मामले पर बच-बचा के जवाब दे रही है। विधायक रत्नेश सदा कहते हैं कि कौन क्या मांग कर रहे हैं, ये मै नहीं जानता, लेकिन इस मामले पर जो भी फ़ैसला होगा वो तो मुख्यमंत्री ही करेंगे।
