बेटा ही निकला मां-बाप, बहन और नानी का कातिल

घर में घुसकर मारी गई थी गोलियां
बता दें कि 27 अगस्त की दोपहर को झज्जर चुंगी स्थित विजय नगर की बाग वाली गली में रहने वाले पेशे से प्रॉपर्टी डीलर और पहलवान प्रदीप उर्फ बबलू, उसकी पत्नी बबली, साथ रोशनी और बेटी तमन्ना को घर में घुसकर गोली मारी गई थी। बबलू, बबली और रोशनी की मौत मौके पर हो गई थी, जबकि तमन्ना में अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ा। वहीं हत्याकांड का मुख्य आरोपी अभिषेक उर्फ मोनू मृतक बबलू का इकलौता बेटा है और BA फर्स्ट ईयर, जाट कॉलेज का छात्र है।
बबलू के बेटे अभिषेक उर्फ मोनू ने बताई थी यह कहानी
मैं अपने दोस्तों के साथ एक होटल में खाना खाने गया था। दोपहर 2 बजे के बाद घर वापस लौटा तो घर का मेन गेट बिना कुंडी लगाए बंद था। नीचे के कमरे में गया तो दरवाजा बंद था। ऊपर कमरे में तो वहां का दरवाजा भी बंद मिला। मैंने दोनों दरवाजे खूब जोर-जोर से खटखटाए। मम्मी पापा सहित घर के अन्य नंबरों पर फोन भी मिलाया, मगर कोई जवाब नहीं मिला। मेरे मन में बहुत डर पैदा हो गया तो मैंने अपने सांपला निवासी मामा को फोन मिलाया और पूरी बात बताई। मामा ने दरवाजा तोड़ने की सलाह दी। मैंने किसी तरह दरवाजे के लॉक को तोड़ा तो अंदर खून से लथपथ परिजनों को देख मेरे पैरों तले की जमीन खिसक गई। मेरी बहन जोर-जोर से सांस ले रही थी, जिसको वह तुरंत पीजीआई लेकर गया। फिर मामा को फोन करके सारी बात बताई और इसके बाद मैं बेहोश हो गया।
बबलू के साले प्रवीन ने दी थी पुलिस को शिकायत
पुलिस को बबलू के साले प्रवीन निवासी सांपला ने मामले की लिखित शिकायत दी थी। प्रवीन ने पुलिस को मौखिक तौर पर यह भी बताया था कि जब उसे वारदात की सूचना मिली तो वह तुरंत ही घर से रोहतक के लिए निकल पड़ा। रास्ते में एक संदिग्ध वरना गाड़ी सवारों ने उसका काफी दूर तक पीछा किया। उसकी गाड़ी पर गोलियां भी चलाई गई। लेकिन वह बहुत तेजी से गाड़ी को चलाता हुआ रोहतक घटनास्थल पहुंचा।
चारों को सिर में मारी गई थी गोलियां, मिले थे 5 खाली खोल
पुलिस व एफएसएल की संयुक्त जांच के दौरान टीम को ऊपर वाले कमरे से दो खाली खोल मिले व नीचे के कमरे से तीन खाली खोल बरामद हुए हैं। नीचे वाले कमरे में बबलू बेड पर लेटा हुआ था और वह मोबाइल फोन पर किसी से बात कर रहा था। जब उसे गोली मारी गई तो उसका फोन उसके कान और कंधे के बीच में लगा रह गया। दोनों कमरों में वारदात को अंजाम देकर बदमाश कमरों को लॉक करके चाबी अपने साथ ही ले गए थे। पुलिस ने वह चाबी भी बबलू के करीबी से बरामद कर ली है।
