बेडरूम का रखरखाव कैसे बेहतर बना सकते हैं और किसी के घर मेहमान बनकर जाएं तो किन बातों का ख़्याल रखें

बेडरूम का रख-रखाव बेहतर बनाएं
कमरे को साफ़ और बड़ा दिखाना सभी चाहते हैं लेकिन इसके लिए कुछ बातों का ख़्याल रखने और अपने व्यवस्था संबंधी रवैए पर काम करने की ज़रूरत है। कमरे में क्या रखना है, दीवार पर क्या लगाना है और किन चीज़ों को हटाना या कम करना है, ये पता होना चाहिए, ताकि बेडरूम क्लटर फ्री रहे और आपके मन में सुकून रहे।
कितने तकिए रखें…
बेड पर तीन से अधिक तकिए न रखें। अधिक तकिए रखने पर पलंग ही नहीं, कमरा भी बहुत भरा-भरा सा लगता है। जितने अधिक तकिए रखेंगे बिस्तर को व्यवस्थित करने में भी उतनी ही समस्या आएगी। तकिए कम रखकर एक-दो कुशन रख सकते हैं।
पौधे सोच-समझकर रखें…
पौधे घर की ख़ूबसूरती बढ़ाते हैं इसमें कोई दो राय नहीं है। लेकिन बेडरूम में 2-3 पौधे रख रहे हैं तो ये शोभा बढ़ाने के बजाय कमरे को और भरा महसूस कराएंगे। इसलिए एक बड़ा पौधा या दो छोटे पौधे रखें। इससे आपका शौक़ भी पूरा होगा और कमरा भी सुंदर दिखेगा। ध्यान रखें कि कमरा बंद करके सोते हैं, तो बड़ा पौधा न रखकर, पलंग से दूर छोटे पौधे ही रखें।
शयनकक्ष की दीवारें…
हम सभी अपने बेडरूम की दीवारों को फोटो फ्रेम, पोस्टर, दीवार घड़ी और सजावटी शो पीस से सजाना पसंद करते हैं। लेकिन कई चीज़ें दीवार पर टांगने से कमरे का शो ख़राब होता है। दीवारों पर सज्जा को संतुलित रखें। कुछेक अच्छी तस्वीरें या दर्पण लटकाएं।
टीवी न लगाएं…
अगर बेडरूम छोटा है तो टीवी कमरे में न लगाएं। इससे कमरा और छोटा नज़र आएगा। अगर बेडरूम बड़ा है तो टीवी लगा सकते हैं लेकिन फिर बाक़ी चीज़ें जैसे तस्वीरें, शो पीस आदि न लगाएं।
दफ़्तर कमरे में न बनाएं…
वर्क फ्रॉम होम कर रहे हैं तो बेडरूम के अंदर दफ़्तर शुरू न कर दें। हांलाकि ऐसा करना सुविधाजनक हो सकता है, ताकि जब चाहें बिस्तर पर आराम कर सकें। लेकिन इससे डेस्क पर पेपर्स, रिपोर्ट्स, फोल्डर आदि बिखरे दिखेंगे, जो अच्छी नींद से दूर रखेंगे।
मेहमान बनें तो न करें ग़लतियां
हम सभी कभी न कभी किसी के मेहमान बनते ही हैं, लेकिन किसी दूसरे के घर जाकर कभी बच्चों से तो कभी बड़ों से कुछ ग़लतियां हो जाती हैं, जिन्हें संभालना मुश्किल हो जाता है। इस लेख के ज़रिए जानिए कुछ आम ग़लतियों के बारे में और उन्हें कैसे सुधारें और कैसे अच्छे मेहमान साबित हों। — यदि ग़लती से मेज़बान का कुछ नुकसान हो जाए जैसे क्रॉकरी या कोई सामान टूट जाए तो छिपाकर रखकर ना चल दें। उन्हें इस बारे में जानकारी दें और माफ़ी मांग लें। इसके साथ ही अगले दिन कोई तोहफ़ा भी भिजवा सकते हैं। — बच्चों से चादर पर कुछ गिर जाने पर चादर को मोड़कर या किसी तरह छिपाने की कोशिश ना करें, क्योंकि आपके जाने के बाद तो पता चलना ही है। इसलिए तुरंत बताएं और चादर को साफ़ करने की कोशिश करें, ताकि दाग़ पक्का न पड़े। — मेज़बान से ऐसे सवाल ना पूछें जो उन्हें परेशान करें या असहज करें। जैसे अगर वे किराए के घर में हैं तो घर कब ख़रीद रहे हैं, शादी को समय हो गया तो बच्चे को लेकर क्या प्लान है, कार नहीं है तो उसे ख़रीदने के बारे में पूछना या तनख़्वाह कितनी मिलती है ये जानना। ये सवाल निजी हैं इसलिए ना ही पूछें। — बच्चे एक-दूसरे के खिलौनों से खेलते ही हैं। ऐसे में आपके बच्चे से मेज़बान के बच्चे का खिलौना टूट जाए तो नज़रअंदाज़ ना करें। अगली बार जाने पर नया खिलौना साथ ले जाएं या अगले ही दिन खिलौने लेकर देने जाएं।
