बैतूल में ब्रेकअप से नाराज गर्लफ्रेंड को घर में घुसकर गोली मारी; बचाने आए मामा और पड़ोसी को भी भूना,

बैतूल मप्र के बैतूल जिले के आमला में एक युवक ने सराफा व्यापारी के घर में घुसकर गर्लफ्रेंड, उसके मामा और पड़ोसी को गोलियाें से भून दिया। इसके बाद युवक ने खुद को भी गोली मार ली। चारों की मौत हो गई। युवक का लड़की से पांच से छह साल पुराना अफेयर था। कुछ समय से उनमें खटपट चल रही थी। 10 जुलाई को उसने एक वीडियो वायरल किया, जिसमें उसने लड़की के ऊपर प्यार में धोखा देने का आरोप लगाया। इसके बाद वह लड़की के घर पहुंचा और उसकी हत्या कर दी। वहां पहुंचे लड़की के मामा को भी गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुन पड़ोसी अंदर आया, तो उसे भी आरोपी युवक ने गोली मार दी। इसके बाद उसने खुदकुशी कर ली। वारदात आमला स्थित 12 क्वार्टर इलाके की है।

हमलावर की पहचान बोडखी निवासी भानु ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक शनिवार दोपहर करीब 1 बजे भानू ठाकुर पिस्तौल लेकर 12 क्वार्टर निवासी सराफा व्यापारी सुनील सोनी के घर पहुंचा। यहां पहुंचते ही पहले उसने बरखा (20) को गोली मारी। बीच-बचाव करने पहुंचे मामा बंटी उर्फ लोकेश सोनी (22) को गोली मारी। आवाज सुनकर अन्य पड़ोसी लकी पाल (18) भी पहुंच गया। आरोपी ने उसे भी गोली मार दी। इसके बाद खुद को भी पिस्टल से गोली मार ली।

SP सिमाला प्रसाद ने बताया बरखा और हमलावर भानु ठाकुर के बीच 4-5 साल से अफेयर था। शनिवार को दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिससे नाराज होकर भानु ठाकुर पिस्तौल लेकर उसके घर पहुंचा था।

एक माह पहले छेड़छाड़ की शिकायत की थी, 15 मिनट तक चला खूनी खेल

भानू ठाकुर के खिलाफ एक माह पहले मृतका बरखा ठाकुर ने छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में आरोपी गिरफ्तार भी हुआ था। इसके बाद से आरोपी भानू आक्रोशित था। शनिवार को वह बरखा के घर पहुंचा। उस पर एक पिस्तौल से हमला किया। मृतका की मामी को आरोपी ने डरा दिया। वारदात के समय घर में मृतका की मामी, मामा, नानी मौजूद थे। करीब 10 से 15 मिनट घर में घटनाक्रम चला।

मौके से दो पिस्तौल मिलीं

वारदात के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को दो पिस्तौल मिली हैं। सूत्र बताते हैं, दोनों पिस्तौल आरोपी भानू लेकर ही आया था। एक पिस्तौल की गोली खत्म होने के बाद उसने दूसरी पिस्तौल चलाई। पुलिस ने दोनों पिस्ताैल जब्त की हैं।

आरोपी का वीडियो वायरल, बोला- बरखा की गलती

वारदात से पहले आरोपी भानू ठाकुर ने 2.50 मिनट का वीडियो बनाया। वीडियो में आरोपी भानू ने पीड़ा सुनाई है। उसने कहा- बरखा सोनी ने झूठ बोला। 6-7 साल से साथ रहने के बाद भी उसने धोखा दिया। ये सदमा मैं बर्दाश्त नहीं कर पा रहा। मेरी जिंदगी बर्बाद की। मेरी वजह से मेरे परिवार को तकलीफ हुई। आरोपी ने बोड़खी के राकेश सावठे से दो पिस्तौल खरीदने की बात भी कही।

Leave a Reply