बॉक्सिंग में ब्लैक बेल्ट बेटे का क्षत-विक्षत शव मिला

सेना में सूबेदार के 11 दिनों से लापता और बॉक्सिंग में ब्लैक बेल्ट बेटे का क्षत-विक्षत शव मिला
बिहार की राजधानी पटना में ग्यारह दिनों से लापता सेना के सूबेदार के बेटे का क्षत-विक्षत शव मिला। दीघा थाना क्षेत्र के गेट नंबर 92 स्थित गंगा नदी के किनारे बीते मंगलवार की रात शव मिला। शव की पहचान परिजनों ने सूरज के पैंट से की। पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। बाद में शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया।। उसके पिता मध्यप्रदेश में तैनात हैं।
मूल रूप से लखीसराय के पीरी बाजार थाने के अभयपुर का रहने वाला सूरज कुमार मिश्र पटना में रुपसपुर के विजय नगर रोड नंबर 3 में किराये पर रहकर बीसीए की पढ़ाई कर रहा था, उसने बॉक्सिंग में ब्लैक बेल्ट ले रखा था। बीते 9 जनवरी की शाम सूरज घर से निकला था। देर रात तक वह नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। जब वह नहीं मिला तो रुपसपुर थाने में सूरज के लापता होने की लिखित शिकायत की गयी। प्रभारी थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि बुधवार को गेट नंबर 92 में गंगा नदी किनारे क्षत-विक्षत लाश मिली। सूचना मिलते ही मृतक की मां किरण देवी, चचेरा भाई संजीव कुमार व अन्य परिजन पहुंचे। सूरज पटना में
सीसीटीवी में दीघा में दिखा था छात्र
रुपसपुर के प्रभारी थानेदार ने बताया कि छात्र के गायब होने के बाद जब पुलिस ने इस मामले की छानबीन की थी तो सीसीटीवी कैमरे में उसका चेहरा दिखा था। छात्र साइकिल से दीघा पेट्रोल पंप की ओर जाते दिखा था।
डीएनए जांच करवायेगी पुलिस
पुलिस के मुताबिक शव के डीएनए की जांच की जायेगी। फिलहाल परिजनों ने कपड़ों के आधार पर लाश की शिनाख्त की है। लेकिन पुलिस डीएनए जांच करवायेगी ताकि यह साबित हो सके कि शव सूरज का ही था।
डूब गया सूरज, घर में पसरा मातम
सूरज मां-बाप का इकलौता बेटा था। एक भाई और एक बहन में वह बड़ा था। उसकी मौत की खबर जैसे ही घरवालों को मिली, मातम पसर गया। बेटे का शव देखते ही मां किरण देवी बेहोश हो गयीं। सूरज की बहन रौशनी कुमारी का रोते-रोते बुरा हाल था। किसी ने सपने में नहीं सोचा था कि घर में दुखों का पहाड़ इस कदर टूटकर गिरेगा। सूरज के चचेरे भाई संजीव ने बताया कि 9 जनवरी की शाम सूरज घर से साइकिल लेकर निकला था। जब देर रात घर नहीं पहुंचा तो उसकी खोजखबर की जाने लगी।
