भाजपा का घोषणा-पत्र गुमराह करने वाला, झूठा एवं एकतंत्रवाद का घोषणा-पत्र : कांग्रेस

इन्दौर । इन्दौर शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष विनय बाकलीवाल एवं मुख्य प्रवक्ता भंवर शर्मा ने सोमवार को जारी भाजपा के घोषणा-पत्र को गुमराह करने वाला झूठा एवं एकतंत्रवाद का घोषणा-पत्र निरूपित किया है।
बाकलीवाल एवं शर्मा ने अपने संयुक्त वक्तव्य में कहा कि भाजपा ने जो घोषणा-पत्र जारी किया है और उसमें नयापन कुछ नही है। 2014 के घोषणा-पत्र में भाजपा ने जनता को जो सब्जबाग दिखाये थे उन पर कितना अमल किया गया है, इसका कोई उल्लेख इस घोषणा-पत्र में नही है। फिर वहीं राम मंदिर मुद्दा, फिर वही धारा 370 हटाने की बात हो या किसानों की आय बढ़ाने के लिये उपज पर 50 प्रतिषत अधिक लागत देने की बात हो। ये सारी बाते 2014 के घोषणा-पत्र में भी भाजपा ने कही थी। किंतु चुनाव जीतने के बाद भाजपा इन्हे भूल गई थी। अब पुनः 2019में लोकसभा चुनाव हैं तो भाजपा को पुनः ये मुद्दे याद आ गये है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा ने नोटबंदी से आतंकवाद खत्म करने की बात कही थी, आतंकवाद तो खत्म नहीं हुआ, बल्कि जनता का विश्वास जरूर भाजपा से खत्म हो गया है। घोषणा-पत्र में कालाधन कितना वापस आया, 15 लाख रूपये कितने लोगों को मिले, नोटबंदी से कितना कालाधन वापस आया, रोजगार के लिये क्या ठोस कदम है। इन सब बातों का कही कोई उल्लेख घोषणा-पत्र में नही है। 2014 में भी नये भारत निर्माण के लिए 2022 तक का समय मांगा गया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा जनता को मूर्ख समझ रही है और गुमराह कर रही है। घोषणा-पत्र में बेरोजगारों के लिये, किसानो को कर्ज के बोझ से उबारने के लिये कोई ठोस कार्य योजना इसमें नही हैं। अटलजी व आडवाणीजी जैसे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को घोषणा-पत्र के मुख्य पृष्ठ पर जगह नही दी गई हैं, यह उनका अपमान है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि घोषणा-पत्र में मोदीजी की नीतियों व स्वभाव के अनुसार सिर्फ मैं की भावना व अहम झलक रहा है। जी.एस.टी. व नोटबंदी से तबाह उद्योग व व्यापार धंधों को संकट से मुक्ति हेतू कोई ठोस कदम घोषणा-पत्र में नही है। बाकलीवालजी एवं शर्मा ने कहा है कि भाजपा के घोषणा-पत्र में कुल मिलाकर जनता को गुमराह करने की बातें और झूठे सब्जबाग दिखाये गये है।
