भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी एक-दो दिन में

भोपाल । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की लगातार बड़े नेताओं से मुलाकात और भोपाल में ही डटे रहने के बाद संकेत आ रहे हैं कि एक-दो दिन में प्रदेश की भाजपा कार्यकारिणी की घोषणा कर दी जाएगी। युवाओं पर आधारित वीडी शर्मा की टीम में
इस बार चौंकाने वाले नाम आ सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, संगठन में कई विधायकों को एडजस्ट किया जाएगा।
अगले माह नगरीय निकाय चुनाव हो सकते हैं। इसको लेकर अब भाजपा भी अपने संगठन को मजबूत कर रही है। उपचुनाव निपटने के बाद जहां-जहां भाजपा को सफलता मिली है, वहां के चुनाव प्रभारियों और श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को प्रदेश संगठन में स्थान दिए जाने की पूरी संभावना है। उपचुनाव के परिणाम आने के बाद ही प्रदेश कार्यकारिणी घोषित करने की अटकलें चल रही हैं। सूत्रों का कहना है कि एक-दो दिन में प्रदेश की टीम की घोषणा हो जाएगी।
रमेश मेंदोला को मिलेगी जगह
पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता और मंत्री बन चुकीं उषा ठाकुर की जगह इन्दौर के कोटे से खाली हो जाएगी। दोनों ही प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। इन्दौर से इस टीम में प्रदेश प्रवक्ता के रूप में उमेश शर्मा को रिपीट किए जाने की संभावना है। हालांकि वे अभी भी प्रवक्ता हैं और पार्टी उन्हें रिपीट करना चाह रही है। सांवेर उपचुनाव के चुनाव प्रभारी रमेश मेंदोला का नाम भी प्रदेश कार्यकारिणी में आ सकता है। हालांकि ये चौंकाने वाली बात हैं, क्योंकि मेंदोला मंत्री पद के दावेदार हैं। संगठन के सूत्रों का कहना हैकि मेंदोला संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं, इसलिए उन्हें वीडी शर्मा की टीम में शामिल किया जा रहा है। सावन सोनकर को भी प्रदेश टीम में लिए जाने की पूरी संभावना है। उम्र का बंधन नहीं चला तो गोपी नेमा को भी प्रदेश संगठन में जगह मिल सकती है। इसके अलावा मालवा और निमाड़ के कई नेताओं को महत्वपूर्ण पदों पर बिठाया जा सकता है। कुछ विधायकों और सांसदों को भी कार्यकारिणी में शामिल किए जाने की संभावना है। बताया जा रहा है कि वीडी शर्मा की लगभग सभी नेताओं से चर्चा हो चुकी हैं और मुख्यमंत्री से अंतिम चर्चा के बाद वे अपनी टीम की घोषणा कर देंगे।
