भाजपा के पक्ष में मतदान न करने की अपील करने वाले को अनुपम ने घेरा

मुंबई । बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर उन कलाकारों को घेरा है, जिन्होंने हाल ही में भाजपा को वोट नहीं करने की अपील की थी। अनुपम ने ट्वीट किया, "तो हमारी ही बिरादरी के कुछ लोगों ने एक लेटर जारी करके आने वाले चुनाव में वर्तमान सरकार को वोट नहीं करने की अपील की है, जिसे जनता ने खुद संवैधानिक तरीके से चुना है। अनुपम खेर ने लिखा दूसरे शब्दों में कहा जाए तो वे आधिकारिक रूप से विपक्ष के लिए कैंपेनिंग कर रहे हैं। अच्छा है। कम से कम अब वे दिखावा तो नहीं कर रहे हैं। शानदार। उल्लेखनीय है कि हाल ही में बॉलीवुड अभिनेता नसीरुद्दीन शाह समेत थियेटर और कला जगत से जुड़ी 600 से ज्यादा हस्तियों ने भाजपा को वोट नहीं देने की अपील की थी।इन सभी ने एक लेटर लिख कर लोगों से अपील की- वोट डाल कर भाजपा और उसके सहयोगियों को सत्ता से बाहर करें। अपील करने वालों में अमोल पालेकर, नसीरूद्दीन शाह, गिरीश कर्नाड, एमके रैना और ऊषा गांगुली जैसी चर्चित हस्तियां भी शामिल हैं। सभी हस्तियों ने जोर देते हुए कहा कि भारत की और इसके संविधान की अवधारणा खतरे में है। भाजपा को वोट न करें।
सितारों द्वारा जारी किए गए पत्र में कहा गया है कि आगामी लोकसभा चुनाव देश के इतिहास के सबसे अधिक गंभीर चुनाव है। आज गीत, नृत्य, हास्य खतरे में है। हमारा न्यारा संविधान खतरे में है। सरकार ने उन संस्थाओं का गला घोट दिया है, जहां तर्क, बहस और असहमति का विकास होता है। किसी लोकतंत्र को सबसे कमजोर और सबसे अधिक वंचित लोग को सशक्त बनाना चाहिए। कोई लोकतंत्र बिना सवाल, बहस और सजग विपक्ष के बिना काम नहीं कर सकता। इन सभी को मौजूद सरकार ने पूरी ताकत से कुचल दिया है। सभी भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए वोट करें। संविधान का संरक्षण करें और कट्टरता, घृणा और निष्ठुरता को सत्ता से बाहर करें।

Leave a Reply