भाजपा नेता की मांग, इस बार सीएम की कुर्सी हमें दें नीतीश कुमार…जदयू का पलटवार

भारतीय जनता पार्टी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तरफ सीएम की उम्मीदावरी को लेकर सवाल उछाल दिया है। भाजपा नेता संजय पासवान ने कहा कि हमने 15 वर्षों तक बिहार के मुख्यमंत्री के पद के साथ नीतीश कुमार पर भरोसा किया, उन्हें भी हमें एक कार्यकाल के लिए मौका देना चाहिए।
पासवान ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के सीएम की कुर्सी काफी लंबे समय से संभाल रखी है। अब लोग नीतीश कुमार के चेहरे पर नहीं बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे को देखकर वोट देते हैं, इसीलिए नीतीश कुमार को सीएम की कुर्सी भाजपा के लिए खाली कर देनी चाहिए।
भाजपा नेता के बयान पर जदयू ने पलटवार किया है। जदयू नेता निखिल मंडल ने कहा है कि सीएम पद के उम्मीदवार तो नीतीश कुमार ही रहेंगे। वही विधानसभा चुनाव में एनडीए का चेहरा होंगे। किसी के कहने से कुछ नहीं होता। नीतीश कुमार को बिहार की जनता का आशीर्वाद प्राप्त है।
वहीं, जदयू नेता संजय सिंह ने कहा कि संजय पासवान जी, आपका ज्ञान सुना लेकिन आश्चर्य इस बात का हुआ कि 2015 में आपका यह ज्ञान कहां था? आपने बिल्कुल सही कहा है कि बिहार में नरेंद्र मोदी मॉडल चलेगा। बेशक चलेगा लेकिन एक बार यह तो विचार कर लीजिए कि 2015 में क्या हुआ था?
