भाजपा सांसद ने बीटीपी प्रमुख को बताया रंग बदलता गिरगिट

नर्मदा | राज्य में नगर निगम चुनाव खत्म होने के बाद अब पालिका-पंचायत चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है और नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं| नर्मदा जिले के डेडियापाडा में आयोजित चुनावी सभा में भाजपा सांसद मनसुख वसावा ने भारतीय ट्रायबल पार्टी (बीटीपी) प्रमुख छोटु वसावा पर कड़े प्रहार करते हुए उन्हें रंग बदलने वाला गिरगिट बताया| बता दें कि नगर निगम चुनाव में शानदार जीत के बाद गुजरात भाजपा प्रमुख सीआर पाटील ने आप और कांग्रेस की कुत्ते-बिल्ली से तुलना की थी| सीआर पाटील को उनके होम टाउन सूरत में आप के 27 सीटें जीतने का रंज था| जिसे लेकर पाटील ने कहा था कि श्वान निकालने के प्रयास में बिल्ली घुस गई| पाटील के बाद उनकी पार्टी के सांसद मनसुख वसावा ने छोटु वसावा को लेकर विवादित टिप्पणी की है| डेडियापाडा में चुनावी को संबोधित करते हुए मनसुख वसावा ने छोटु वसावा और उनके बेटे महेश वसावा पर कड़े प्रहार किए| उन्होंने कहा कि जिस प्रकार गिरगिट रंग बदलता है, उस प्रकार छोटु वसावा रंग बदलने में माहिर हैं| आज के आधुनिक युग में छोटु वसावा आदिवासियों को आगे लाने के बजाए पाषाण युग में ले जाने का प्रयास कर रहे हैं| मतदाताओं को बीटीपी से सचेत रहने की अपील करते हुए मनसुख वसावा ने कहा कि छोटु वसावा और महेश वसावा मेरे सामने मच्छर से अधिक कुछ नहीं हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में दोनों घर बैठ जाएंगे|
