भाजयुमो कार्यकर्ताओ पर पुलिस ने डंडे बरसाए

जयपुर । प्रदेश में एसटी-एससी पर बढ़ रहे अत्याचारों के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा राजस्थान के द्वारा आज कलेक्ट्रेट सर्किल पर कांग्रेस सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में इकट्ठा हुए भाजयुमो के कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के बाहर जयसिंह हाइवे पर धरने पर बैठ गए। जब कार्यकर्ताओं को पुलिस ने उठाना चाहा तब गहमा गहमी बढ़ गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प भी हो गई। फिर पुलिस ने बलप्रयोग कर इन्हें खदेडऩा चाहा। इसमें आधा दर्जन से अधिक कार्यकर्ता घायल हो गए।
युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की तब सदर एसीपी नवाब खान से उनकी झड़प हो गई। इसके बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने भाजयुमो के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया। लाठियां बरसने से युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री राजकुमार बिंवाल सहित प्रदेश मंत्री रामकेशन मीणा, विजेंद्र गुर्जर को चोटें आई। इसके अलावा विक्रम सिंह शेखावत और आशीष शर्मा के सिर में चोट लगने से खून निकलने लगे। इसके बाद लाठीचार्ज में चोटिल हुए प्रदर्शनकारियों को एसएमएस अस्पताल के ट्रोमा सेंटर पहुंचाया गया। भाजयुमो प्रदेश महामंत्री राजकुमार बिवाल ने बताया कि पिछले दिनों झालावाड़ जिले के झालरापाटन में कृष्णा वाल्मीकि पर दिनदहाड़े समुदाय विशेष के लोगों द्वारा लाठी, भाला, सरियों से हमला कर हत्या कर दी थी। यह घटना प्रदेश में अनुसूचित जाति एवं जनजाति पर हो अत्याचार को दर्शाती है। प्रदेश में गहलोत सरकार एसटी एससी पर हो रहे हमलों को रोकने में नाकाम है। इन अत्याचारों पर अंकुश लगाने एवं दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाई की मांग को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कलेक्ट्रेट सर्किल पर धरना प्रदर्शन किया था। घटना का पता चलते ही भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया एसएमएस अस्पताल पहुंचे और पुलिस लाठीचार्ज घटनाक्रम की पूरी जानकारी ली। पूनिया ने कहा कि लोकतंत्र का पाखंड करने वाली सरकार द्वारा युवाओ पर जो लाठीचार्ज किया गया है वो भारी पड़ेगा। सरकार के विरुद्ध भविष्य के आंदोलन की आहट सुनाई दे रही है।
