भारतीय टीम के लिए वापसी कठिन : हैडिन

सिडनी । पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैड हैडिन ने कहा है कि टीम इंडिया के लिए अब इस सीरीज में वापसी करना असंभव है। हैडिन के अनुसार इसका कारण यह है कि टीम इंडिया के लिए पहले टेस्ट में मिली करारी हार से उबरना आसान नहीं होगा। हैडिन ने कहा कि भारतीय टीम के पास पहली पारी में बढ़त हासिल करने के बाद जीत दर्ज करने का अच्छा अवसर था पर वह उसका लाभ नहीं उठा पायी और दूसरी पारी में ढ़ह गयी। हैडिन ने कहा, ' मुझे नहीं लगता कि वे अब इस हार से उबर पायेंगे।' 43 साल के पूर्व खिलाड़ी ने कहा कि एडीलेड में ऐसे हालात थे जिसमें भारतीय गेंदबाजों को सहायता मिल रही थी। उन्होंने कहा, ' मेरा मानना है कि टेस्ट मैच में जीतने का उनके पास एकमात्र मौका एडीलेड में था। मुझे लगता है कि उनके गेंदबाजों ने पहले टेस्ट के दौरान हालातों का पूरा लाभ उठाया था। मुझे नहीं लगता कि अब वे 26 दिसंबर से मेलबोर्न में होने वाले दूसरे टेस्ट में वापसी कर पायेंगे। '
हैडिन ने कहा, 'आपको ब्रिसबेन में एक टेस्ट खेलना है जहां ऑस्ट्रेलिया को हराना काफी मुश्किल होता है। अगले दो टेस्ट मैचों में विकेट से हालांकि भारतीय टीम को मदद मिलेगी पर वे इसका लाभ नहीं उठा सकेंगे।' भारतीय टीम ने 2018-19 में शानदार गेंदबाजी आक्रमण से ही ऑस्ट्रेलिया में श्रृंखला जीतकर इतिहास रचा था पर टीम के पास इस बार अनुभवी इशांत शर्मा जैसे गेंदबाज नहीं हैं। इसके साथ ही मोहम्मद शमी को भी चोटिल होने के बाद श्रृंखला से हटना पड़ा है। शमी के चोटिल होने के बाद उनका स्थान भरने के लिए उनके पास उस स्तर का विकल्प भी उपलब्ध नहीं है।
