भारत की बेहतरीन गेंदबाजी की वजह से हाथ से निकल गया मैच : इयान मोर्गन

अहमदाबाद । भारतीय टीम से दूसरा टी-20 मैच गंवाने के बाद इंग्लैंड के कप्तान इयान मार्गन ने हार के कारणों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा हम शायद आज बराबर या उनके आसपास थे, लेकिन भारत ने अच्छी गेंदबाजी की। पिच पर भी आज थोड़ी कम तेजी दिखाई दी। उन्होंने हमें शुरुआत से ही बैक फुट पर रखा जिससे गेंद को गति देना खिलाडिय़ों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हुआ।
उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि हम इस विकेट पर खेले, लेकिन खेलने के तरीके से थोड़ा निराश हूं। मोर्गन ने कहा आम तौर पर जब आप रनों का पीछा करते हैं तो आपको हमेशा फायदा होता है। निराशाजनक बात यह है कि हम पहले 10 ओवरों में विपक्षी आक्रमण का सामना नहीं कर पाए। अब हमारा सारा फोकस प्रैक्टिस पर होना चाहिए, क्योंकि अगला खेल संभावित: लाल मिट्टी पर होगा जिसके बारे में कोई पूर्वानुमान लगाना आसान नहीं है।
उल्लेखनीय है कि इंगलैंड ने पहले खेलते हुए 20 ओवरों में 164 रन बनाए थे। जेसन रॉय ने 46, मालन ने 24, बेयरस्टो ने 20, मोर्गन ने 28 तो स्टोक्स ने 24 रनों का योगदान दिया। जवाब में खेलने उतरी भारतीय टीम की हालांकि शुरूआत खराब रही। केएल राहुल शून्य पर आऊट हो गए, लेकिन ईशान ने 56, कोहली ने 73 और पंत ने 26 रन बनाकर टीम इंडिया को मैच जितवा दिया।
