भारत में कोरोना से अबतक 84 संक्रमित, चार देशों से जुड़ी जमीनी सीमाएं आज होंगी सील

महाराष्ट्र : मधुमेह के कारण गई संदिग्ध की मौत

 

महाराष्ट्र के बुलढाणा अस्पताल में कोरोना वायरस के संदिग्ध की मौत पर डॉक्टरों ने बताया है कि उसकी मौत मधुमेह के चलते हुई है। उसे बीपी की भी समस्या थी। महाराष्ट्र सरकार ने 31 मार्च तक सभी स्कूल-कॉलेज और अन्य शैक्षिक संस्थान बंद रखने का आदेश दिया है। 

महाराष्ट्र के शहरी क्षेत्रों के सभी स्कूल (नगर पंचायत, नगर पालिका, महानगर पालिका के अधिकार क्षेत्र में सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल) 31 मार्च तक बंद रहेंगे। केवल कक्षा 10वीं, 12वीं और विश्वविद्यालयों की परीक्षाएं ही तय समय के अनुसार आयोजित की जाएंगी।

सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग महाराष्ट्र ने जानकारी दी है कि पिंपरी-चिंचवाड़ में पांच और लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। जिससे अब पुणे में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 15 हो गई है और महाराष्ट्र में कुल 31 संक्रमित हो गए हैं।

महाराष्ट्र : खराब सैनिटाइजर बेचते तीन गिरफ्तार

पुणे पुलिस ने शनिवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया। ये लोग कोरोनावायरस के प्रसार का फायदा उठाते हुए खराब मानक वाले सैनिटाइजर बेच रहे थे। तीनों के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

बालाजी मंदिर में प्रतीक्षा प्रणाली पर रोक

 

आंध्र प्रदेश में तिरुमाला स्थित बालाजी मंदिर की प्रशासनिक इकाई तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम ने कोरोनावायरस को देखते हुए भक्तों के लिए प्रतीक्षा प्रणाली को अस्थायी रूप से रोक दिया है। भक्तों को दर्शन के लिए विभिन्न समय के हिसाब से टोकन दिए जाएंगे।

ओडिशा : फेक न्यूज फैलाने वाला गिरफ्तार

ओडिशा के रायगढ़ में एक व्यक्ति को सोशल मीडिया पर कोरोना वायरस से संबंधित फर्जी समाचार पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कहा, आरोपी ने फेसबुक पर पोस्ट किया था कि एक संक्रमित व्यक्ति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच में यह समाचार फर्जी पाया गया।

तेलंगाना : 31 तक सभी शिक्षण संस्थान बंद

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने कहा कि 15 मार्च यानी आज से कोचिंग सेंटर समेत सभी शिक्षण संस्थान 31 मार्च तक बंद रहेंगे। ऐसा न होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसएससी, इंटरमीडिएट और अन्य बोर्ड परीक्षाएं तय व्यवस्था से ही होंगी।

इसके साथ ही उन्होंने कहा, जनसभाएं, सेमिनार, कार्यशालाएं, रैलियां, प्रदर्शनियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य जन कार्यक्रमों को भी आज से अनुमति नहीं दी जाएगी। सिनेमा हॉल, पब, क्लब और बार भी आज से बंद रहेंगे।

छत्तीसगढ़ : 31 तक बंद रहेंगे सिनेमा हॉल

छत्तीसगढ़ में भी कोरोना वायरस को देखते हुए 31 मार्च तक सभी सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स को बंद रखने का फैसला लिया गया है।

असम में कोरोना का अब तक कोई मामला नहीं

 

असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने राज्य में कोरोना वायरस की स्थिति का विस्तृत आकलन किया। सोनोवाल ने कहा कि राज्य में कोरोना वायरस का कोई भी मामला सामने नहीं आया है। राज्य को इससे बचाए रखने के लिए सतर्कता और बचाव बहुत जरूरी है। इसके साथ ही असम सरकार ने शिवसागर जिले में नाम कीर्तन, भाओना, गीता पाठ जैसे सभी जनसभा वाले कार्यक्रमों पर भी तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।

वहीं, असम सरकार के शिक्षा विभाग के आयुक्त और सचिन ने आदेश दिया है कि कोरोना वायरस के चलते सभी स्कूल, कॉलेज, उच्च शिक्षण संस्थानों आदि में सुबह की प्रार्थना नहीं की जाएगी और न ही किसी तरह की प्रदर्शनी आदि का आयोजन किया जाएगा।

मैत्री और बंधन एक्सप्रेस ट्रेन 15 अप्रैल तक बंद

 

कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए भारत-बांग्लादेश के बीच चलने वाली मैत्री व बंधन एक्सप्रेस ट्रेन नहीं चलेगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एडवाइजरी जारी कर इस ट्रेन को एक महीने तक नहीं चलाने का निर्णय लिया है। भारतीय रेलवे ने कहा है कि गृह मंत्रालय की एडवाइजरी मानते हुए भारत और बांग्लादेश के बीच चलने वाली यात्री रेल सेवा को एक महीने तक के लिए रोका जा रहा है। 

दोनों देशों को रेलवे के माध्यम से जोड़ने वाली ट्रेन 15 मार्च से 15 अप्रैल तक नहीं चलेगी। दोनों देशों के बीच यात्री बस सेवा भी 15 अप्रैल तक बंद रहेगी। हालांकि, मालगाड़ी पर अभी रोक लगाने का निर्णय नहीं लिया गया है। दोनों देशों से आयात व निर्यात मालगाड़ी से होता रहेगा। भारत की कंटनेर सर्विस कॉनकोर और बांग्लादेश की सीसीबीएल एग्रीमेंट के तहत पेट्रोलियम पदार्थों की आवाजाही दोनों देशों के बीच होती है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेबर फर्स्ट नीति के तहत भारत-बांग्लादेश के साथ रेल संपर्क को और ज्यादा मजबूत किया जा रहा है। कोलकाता और बांग्लादेश के खुलना शहर के बीच बंधन एक्सप्रेस ट्रेन चलती है। कोलकाता से ढाका के बीच मैत्री एक्सप्रेस चल रही है।

यात्रा के लिए खुद लाएं अपना कंबल : पश्चिम रेलवे  

पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने कहा कि मौजूदा निर्देशों के अनुसार, एसी कोचों में प्रदान किए जाने वाले पर्दे और कंबल हर यात्रा के बाद धोए नहीं जाते हैं। कोरोनावायरस के फैलाव को रोकने के लिए कंबल और पर्दे को अगले आदेश तक तुरंत सेवा से हटा दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यात्रियों को अपने खुद के हित के लिए अपने कंबल लाने की सलाह दी जानी चाहिए। सार्वजनिक रूप से यह जानकारी दी जानी चाहिए। किसी भी अन्य उपयोग के लिए कुछ अतिरिक्त चादरें रखी जा सकती हैं।

ईस्ट कोस्ट रेलवे ने एसी कोच से कंबल हटाए 

ईस्ट कोस्ट रेलवे ने एसी कोच में यात्रियों को दिए जाने वाला कंबल हटाने के निर्देश दिए हैं। चीफ पीआरओ जेपी मिश्रा ने कहा, कोई यात्री मांग करता है तो उसे अतिरिक्त चादर उपलब्ध कराई जाएगी।

बिहार: मुजफ्फरपुर में सार्वजनिक स्थल बंद रखने के आदेश

 

बिहार में सीआरपीसी की धारा 144 की शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए मुजफ्फरपुर जिला मजिस्ट्रेट ने सभी सरकारी और निजी संस्थान, कोचिंग संस्थान, आंगनवाड़ी 31 मार्च तक बंद रखने के आदेश दिए हैं। सभी सरकारी और प्राइवेट पार्क और सिनेमा हॉल भी 31 मार्च तक बंद रहेंगे।

जिला मजिस्ट्रेट उज्ज्वल कुमार सिंह ने कहा कि कोई भी सांस्कृतिक समारोह, धरना-प्रदर्शन, प्रदर्शन, मेला, धार्मिक आयोजन 31 मार्च तक आयोजित नहीं किए जाएंगे। ऐसे किसी आयोजन के लिए पहले दी गई अनुमति रद्द कर की जा रही है।

Leave a Reply