भूमि विवाद को लेकर हुआ खूनी संघर्ष, फायरिंग और हथियारों से हमले में 3 महिलाओं समेत 5 घायल

बारां. जिले के अंता थाना क्षेत्र के चहेडिया गांव में भूमि विवाद (land dispute) को लेकर एक परिवार पर एक दर्जन लोगोंं ने हमला कर दिया. हमले में तीन महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए. बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल (district hospital) में भर्ती कराया. चहेड़िया गांव में जमीन को लेकर दो गुटों में पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था.
हमले के समय खेत में काम कर रहे थे लोग
जमीन के विवाद और पुरानी रंजिश को लेकर करीब एक दर्जन लोगोंं ने धारदार हथियारों व बंदूकों से दूसरे पक्ष के लोगों पर उस समय हमला कर दिया, जब वे खेत पर हंकाई का काम कर रहे थे. इस दौरान वहां महिलाएं व पुरुष सभी मौजूद थे. अचानक हुए हमले से करीब 5 -6 लोगोंं ने नदी में कूदकर जान बचाई.
गांव में स्थिति तनावपूर्ण, पुलिस छावनी में बदला
इस वारदात के बाद से गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. पुलिस ने बाद घटना के गांव को छावनी में बदल डाला है. हमलावरों की धरपकड़ के लिए टीमें रवाना की गई हैं. बारां कोतवाली के थानाधिकारी राजेन्द्र मीणा ने बताया कि चहेडिया गांव में खूनी संघर्ष के दौरान कुछ लोगोंं ने फायरिंग की एवं अन्य धारदार हथियारों से हमला किया.
