भोपाल-इंदौर में अभी बंद ही रहेंगे स्कूल, नए शिक्षा सत्र से नजर आएंगे गुलजार 

भोपाल । बीते साल भर से बंद सरकारी और निजी स्कूल अब नए शिक्षा सत्र से गुलजार नजर आएंगे। वर्तमान में स्कूल कोरोना संक्रमण के कारण साल भर से बंद हैं। प्रदेश के स्कूल शिक्षा राज्‍यमंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि इंदौर और भोपाल में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए फ‍िलहाल स्कूल बंद रहेंगे। यहां स्‍कूल खोलने को लेकर बाद में फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्कूल तो खोले जा रहे हैं, लेकिन अभिभावक और शिक्षकों को विशेष सावधानी बरतनी होगी। सरकारी स्कूलों में तो बच्‍चों की संख्या कम है, लेकिन जहां बच्चों की संख्या ज्यादा है, वहां दो पालियों में भी स्कूल खोले जा सकते हैं। सुरक्षित शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करते हुए सभी स्कूल खोले जाएं। परमार ने कहा कि एक अप्रैल से नया शिक्षण सत्र शुरू होता है, इसलिए विभाग ने भी निर्णय लिया है कि पहली से आठवीं तक के स्कूलों में कक्षाएं लगाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि कोरोना के मामलों की समीक्षा करते हुए निर्णय लिया गया है। अगर कोरोना संक्रमण बढ़ा तो तत्कालीन स्थिति के आधार पर निर्णय लिया जाएगा। बच्‍चों को स्‍कूल भेजने के लिए अभिभावकों की सहमति जरूरी होगी। इधर, लोक शिक्षण संचालनालय की आयुक्त जयश्री कियावत ने आदेश जारी कर दिया है कि 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं अब सुबह नौ से पांच बजे तक नियमित रूप से लगाई जाएंगी। उन्होंने आदेश में कहा है कि लगभग छह माह तक विद्यालयों में नियमित कक्षाएं नहीं लग पाई हैं। इससे विद्यार्थियों के अध्यापन नुकसान हुआ है। विद्यार्थियों के अध्यापन की क्षतिपूर्ति के लिए विशेष प्रयास करने की आवश्यकता है। परीक्षाओं का समय भी निकट है। इसके चलते सभी शासकीय हाइ और हायर सेकंडरी स्कूल का समय बदला गया है।बता दें कि अन्य प्रदेशों की तरह मप्र में भी स्कूल निरंतर खोलने को लेकर निजी स्कूल संचालक मांग कर रहे थे। इसके बावजूद कोरोना संकट के चलते सरकार ने इसक इजाजत अभी नहीं ‎दी है। 

Leave a Reply