भोपाल के आसपास के क्षेत्र का सर्वनाश किया, भाजपा गरीब विरोधी है: दिग्विजय सिंह

भोपाल। गांधीनगर में सभा को संबोधित करते हुए भोपाल लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह  ने कहा कि मेरी सरकार ने गरीबों को दुकानों के पट्टे दिए। भाजपा ने उन्हें कैंसिल कर दिए तथा दुकानों को तोड़ दिया। भोपाल के आसपास के क्षेत्र को भाजपा के लोगों ने सर्वनाश कर दिया। हमने झुग्गी-झोपड़ियों के पट्टे दिए थे। अब कांग्रेस रजिस्ट्री के साथ वहीं मकान भी बनाकर देगी, यह गरीबों की सरकार है, धन्ना सेठों की नहीं। सिंह ने मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे कहते हैं 56 इंच का सीना है मेरा, किस दर्जी ने नापा, उससे मिलवा दें। मोदी कहते हैं मैं चाय की दुकान चलाता था, उनकी चाय किसने पी उससे मिलवा दें। केवल झूठ बोलना ही मोदी का काम है। एक भी वायदा मोदी ने पूरा नहीं किया। देश की सुरक्षा के लिए सेना ने सीना तान कर लड़ाई लड़ी, जिसमें हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सबने साथ दिया। मोदी जी सेना को भी बांट रहे हैं। मोदी जी शहीदों के ऊपर राजनीति ना करें।सिंह ने भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा पर आरोप लगाया कि उन्होंने गरीबों की जमीन बेच दी। गांधीनगर का बस स्टैंड खस्ता हाल है। मर्जर एग्रीमेंट का किस तरह दुरूपयोग हुआ है। कांग्रेस सरकार सब खोलेगी। उन्होंने लोगों से कहा कि डरो मत, मैं आपके साथ हूं। इस कार्यक्रम में पूर्व विधायक जितेंद्र डागा सहित वरिष्ठ कांग्रेसी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।दिग्विजय सिंह  के निवास पर आज प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष हरगोविंद जोहरी के नेतृत्व में भोपाल जिला प्रभारी बसपा आनंद जमधाडे सहित 50 लोगों ने कांग्रेस सदस्यता ग्रहण की।

Leave a Reply