भोपाल-ग्वालियर में रिकॉर्ड ठंड

भोपाल । उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण राजधानी भोपाल और ग्वालियर में बीती रात रिकॉर्ड ठंड रही। पिछले 10 साल में दोनों शहरों में पहली बार पारा इतने नीचे चला गया। ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस रहा, तो भोपाल में यह 4 डिग्री पर आ गया। इससे पहले ग्वालियर में साल 2019 में दिसंबर में रात का पारा सबसे कम 2.1 डिग्री तक पहुंचा था।भोपाल में साल 2018 में दिसंबर की रात 4.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे सर्द रही थी। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक जेडी मिश्रा ने बताया कि अभी दो-तीन दिन तक इसी तरह ठंड पड़ेगी। 22 के बाद कुछ राहत की उम्मीद है, लेकिन तापमान में करीब 2 डिग्री तक की ही बढ़ोतरी रहेगी। इससे मौसम पर बहुत ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। क्रिसमस तक ठंड का इसी तरह एहसास बना रहेगा।
इस कारण अचानक ठंडी बढ़ी
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक जेडी मिश्रा ने बताया कि उत्तर में बर्फबारी हो रही है। वहां से सूखी ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों में आ रही हैं। नमी नहीं होने के कारण हवाओं के कारण तापमान में इतनी ज्यादा गिरावट हुई है। दो दिन तक इसी तरह दिन और रात के पारे कम रहें, लेकिन 22 दिसंबर के बाद यह कुछ ज्यादा और कम होना शुरू होंगे।
भोपाल में रिकॉर्ड ठंड
राजधानी भोपाल की बात की जाए तो एक दिन में न्यूनतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया। इस कारण पारा 4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। गुरुवार-शुक्रवार की रात भोपाल का न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस रहा था। यह बीते 10 साल में सबसे कम है। इससे पहले साल 2018 में सबसे कम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस तक आया था। 2011 से अब तक सिर्फ दो ही बार पारा 5 डिग्री के नीचे आ गया है। अभी अगले 48 घंटे इसी तरह ठंड होगी।
ग्वालियर में रिकॉर्ड ठंड
ग्वालियर की बात की जाए तो एक दिन में न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया। इस कारण पारा रिकॉर्ड 1.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। गुरुवार-शुक्रवार की रात ग्वालियर का न्यूनतम तापमान करीब 4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह बीते 10 साल में सबसे कम रहा। इससे पहले वर्ष 2019 में सबसे कम तापमान 1.0 डिग्री सेल्सियस तक आया था। वर्ष 2011 से अब तक सिर्फ दो ही बार पारा 3 डिग्री के नीचे गया है।
