भोपाल में तीन साल बाद सबसे ज्यादा बारिश

भोपाल । जबलपुर से 75 किमी दूर बना मानसूनी सिस्टम गुरुवार रात जब सागर-दमोह की ओर आया तो भोपाल में इसने झमाझम बारिश कराई। इससे पहले इसी सिस्टम ने गुरुवार सुबह से शाम तक जबलपुर, अशोकनगर, गुना समेत प्रदेश के ज्यादातर शहरों को तर कर दिया। 30 शहरों में भारी बारिश हुई। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि भोपाल में सुबह 8:30 बजे से रात 11.30 बजे तक 30.2 मिमी (करीब 1.25 इंच) पानी बरसा। राजधानी में रात में करीब 3 घंटे तेज बारिश हुई। अगस्त के अभी 21 दिन बाकी हैं, लेकिन इस सीजन में अब तक भोपाल में 910 मिमी से ज्यादा बारिश हो चुकी है। तीन साल बाद बारिश का आंकड़ा यहां तक पहुंचा है। 2017 में सीजन में 781.0 और 2018 में 806.5 मिमी बारिश हुई थी। 2016 में अब तक के कोटे से ज्यादा 1464.1 मिमी पानी बरसा था। इधर, प्रदेश के मालवा-निमाड़, महाकौशल, विंध्य, ग्वालियर-चंबल समेत भोपाल संभाग के शहरों में जमकर पानी बरसा। बीते 24 घंटे में अशोकनगर में सवा सात इंच और जबलपुर में सवा चार एवं गुना में साढ़े चार इंच बारिश दर्ज की गई।

Leave a Reply