भोपाल में पहली बार:

25 दिसंबर को जयंती के दिन शौर्य स्मारक के पास स्थापित होगी भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा
 

अटल बिहारी वाजपेयी मध्य प्रदेश की विदिशा सीट से सांसद रहे थे और ग्वालियर में उनका जन्म हुआ था।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शौर्य स्मारक चौराहे के पास पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापना के लिए प्रस्तावित स्थल का अवलोकन किया है। उनके साथ पूर्व महापौर आलोक शर्मा भी उपस्थित थे। ऐसा पहली बार होगा, जब भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा शहर के किसी चौराहे पर लगाई जा रही है। इससे पहले राजधानी में अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय उनके जीवित रहते ही खोला जा चुका है।

शौर्य स्मारक चौराहे के पास मौका मुआयना करने पहुंचे सीएम शिवराज।

प्रतिमा का अनावरण उनके जन्म दिन 25 दिसंबर को किया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान द्वारा स्थल निरीक्षण के समय भोपाल नगर निगम आयुक्त और अन्य अधिकारी उपस्थित थे। प्रदेश सह संगठन मंत्री हितेंद्र शर्मा उपस्थित थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को खुद स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का व्यक्तित्व इतना बड़ा है कि उनकी मूर्ति हमें व्यवस्थित स्थान पर लगानी चाहिए। 25 दिसंबर को प्रतिमा का अनावरण हो जाए, इसकी तैयारियों का जायजा लिया है।

Leave a Reply